
कतरास/धनबाद : धनबाद क्लब में आयोजित एक भव्य समारोह में जैक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के मैट्रिक एवं इंटर परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 81 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) इंटर साइंस की स्टेट टॉपर रशीदा नाज मुख्य आकर्षण रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ एक दिव्यांग छात्र द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। समारोह में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, और अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने संयुक्त रूप से छात्रों को सम्मानित किया।

मैट्रिक और इंटर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को उपायुक्त व एसएसपी ने किया सम्मानित
उपायुक्त आदित्य रंजन ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए कड़ी मेहनत जरूरी है। उन्होंने छात्रों से मोबाइल से दूरी बनाकर किताबों को अपना साथी बनाने, शिक्षकों और अभिभावकों का सम्मान करने तथा पूरी एकाग्रता के साथ लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह केवल शुरुआत है, जीवन में लगातार संघर्ष करते रहना ही सफलता की कुंजी है।

एसएसपी प्रभात कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि छात्रों पर अनावश्यक दबाव नहीं डालना चाहिए। उन्हें अपनी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी, अच्छी संगति और सही मार्गदर्शन को सफलता के लिए आवश्यक बताया।
समारोह में विभिन्न बोर्डों के टॉपर्स को सम्मानित किया गया, जिनमें रशीदा नाज, लक्ष्मण गोराई, अमित कुमार प्रमाणिक, नियति सिंह, आलिया नाज सहित कई प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं शामिल रहे। आईसीएसई, सीबीएसई और अन्य विद्यालयों के कई विद्यार्थियों को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
