
वर्चस्व की लड़ाई में शूट आउट का खेल, 20 नामजद अब भी पुलिस के रडार पर
कतरास : धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र स्थित छाताबाद 4 नंबर, कैलूडीह मैदान में हुई सनसनीखेज गोलीकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। बाघमारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) अजीत कुमार विमल ने सिजुआ स्थित अपने आवासीय कार्यालय में प्रेस वार्ता कर बताया कि पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई में हुई इस गैंगवार में शामिल तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, खोखा और काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है।
अमित यादव और विकास बजरंगी के बीच का टशन बना खूनी रंजिश की वजह
घटना 27 मई की देर रात की बताई जा रही है, जब छाताबाद निवासी अमित यादव और विकास बजरंगी गुट के समर्थक कैलूडीह मैदान के पास आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट, गाली-गलौज और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। इलाके में 3 से 4 राउंड हवाई फायरिंग से दहशत फैल गई।
इसी दौरान अपने घर की छत से शोर सुनकर नीचे झांक रहे तौसिफ अंसारी को गोली लग गई। गोली उनके कंधे के पास लगी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, मारपीट में शामिल नितीश यादव के पैर में भी गोली लगने की पुष्टि हुई है। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तौसिफ अंसारी को बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से 7.65 एमएम के दो खोखे बरामद किए। जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गोलीबारी में शामिल आरोपी छाताबाद इलाके में छिपे हुए हैं। इसके बाद विशेष टीम ने छापेमारी कर एक जिम से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनंद कुमार यादव (छाताबाद 04 नंबर), विवेक कुमार ठाकुर (तेलियाबांध) और करण कुमार दास (छाताबाद 05 नंबर) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने फायरिंग में शामिल होने की बात स्वीकार की। आनंद यादव की निशानदेही पर पुलिस ने छुपाकर रखी गई एक लोडेड देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और मिस फायर कारतूस बरामद किया। पुलिस के अनुसार बरामद स्कॉर्पियो (JH10CK-0025) का इस्तेमाल घटना के बाद फरार होने में किया गया था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकार किया है कि विकास बजरंगी गुट को डराने के लिए फायरिंग की गई थी, लेकिन गोली दो लोगों को लग गई।
इस मामले में कतरास थाना में कांड संख्या 152/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत 20 नामजद और 8-10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। FIR के अनुसार आनंद कुमार यादव, विवेक कुमार ठाकुर, करण कुमार दास, अमित यादव, अनिक यादव, बिरेंद्र उर्फ चिल्ला यादव, विनोद यादव, दिलीप यादव, राणा उर्फ रंजन यादव, दादन यादव, मिथिलेश यादव, रंजीहा यादव उर्फ रंजन यादव, अजीत कुमार, पप्पू यादव उर्फ झांडुल, नितीश यादव, विक्रम यादव, करु यादव, कन्हैया यादव, धर्मराज यादव, नितीश यादव, सोनू यादव , विकास बजरंगी समेत और भी लोग शामिल हैं।
एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने कहा कि इस गोलीबारी कांड में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। पूरे इलाके में पुलिस अलर्ट पर है और संवेदनशील जगहों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
