
कतरास : जिले को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में जिला परिषद और नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। दोनों संस्थाओं के बीच हुए समन्वय के तहत अब जिला परिषद क्षेत्र और ग्रामीण इलाकों में वर्षों से जमा कचरे के ढेरों की सफाई नगर निगम की टीम करेगी।
उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने बताया कि जिला परिषद के पास पर्याप्त सफाई संसाधनों की कमी के कारण कई ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में कचरे का अंबार लग गया था। इस समस्या के समाधान के लिए नगर निगम अपने डंपर, सफाई कर्मियों और अन्य आधुनिक संसाधनों के साथ इन क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाएगा।

अभियान की शुरुआत मंगलवार को बाघमारा प्रखंड के हरिना चौक से हुई, जहां नगर निगम की टीम ने करीब 18 टन कचरे का उठाव किया। प्रशासन का कहना है कि जिले के विभिन्न कचरा हॉटस्पॉट्स को चिन्हित कर चरणबद्ध तरीके से सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस पहल से ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के लोगों को गंदगी, बदबू और बीमारियों के खतरे से राहत मिलेगी तथा स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण का निर्माण होगा।
उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने आम नागरिकों से भी अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि कचरा निर्धारित स्थानों पर ही फेंकें और धनबाद को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।
