
कतरास : त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि संघ, झारखंड के अध्यक्ष विकास कुमार महतो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल, झारखंड से मुलाकात कर झारखंड पंचम राज्य वित्त आयोग मद से पंचायतों को आवंटित राशि के व्यय एवं योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु आवश्यक मार्गदर्शिका शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल महोदय को अवगत कराया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पंचम राज्य वित्त आयोग की अनुशंसा के आधार पर पंचायतों को राशि आवंटित कर दी गई है, लेकिन अब तक योजनाओं के क्रियान्वयन एवं राशि के व्यय से संबंधित विस्तृत मार्गदर्शिका जारी नहीं होने के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए महामहिम राज्यपाल महोदय ने आश्वस्त किया कि वे इस विषय पर संबंधित विभाग से पत्राचार कर आवश्यक मार्गदर्शिका यथाशीघ्र उपलब्ध कराने हेतु पहल करेंगे, ताकि पंचायतों में विकास कार्यों का सुचारू संचालन सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मार्गदर्शिका जारी होने से पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाएं दूर होंगी तथा ग्रामीण विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल में रांची जिला परिषद सदस्य श्री मनोज वाजपेयी, मुखिया श्री कुशेन्द्र पहान, गिरिडीह से श्री अनिल कुमार रजक एवं श्री पिंटू कुमार शामिल थे।
