
कतरास: कतरास बाजार का उप डाकघर अत्यंत ही जर्जर और खतरनाक अवस्था में है। यहां काम करने वाले कर्मी जान जोखिम में डालकर काम कर रहे हैं। हालांकि काफी लंबे समय के बाद विभाग ने कतरास बाजार पोस्ट ऑफिस को किसी सुरक्षित और उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए आधिकारिक तौर पर नए भवन की तलाश शुरू कर दी है। इसे लेकर धनबाद प्रमंडल के वरिष्ठ डाक अधीक्षक ने आदेश जारी कर दिए हैं।
पार्षद मधुमाला के शिकायत पर विभाग ने लिया संज्ञान, नए भवन की तलाश शुरू
बताते चले की प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या एक के पार्षद डॉ मधुमाला के द्वारा 6 जून 2026 को पत्र लिखकर डाकघर भवन की बदहाल स्थिति को लेकर विभाग को अवगत कराया गया था। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए डाक विभाग के उच्च अधिकारियों ने मामले की जांच पड़ताल की, जिसमें पाया गया कि वर्तमान में डाकघर भवन अब काम करने के योग्य नहीं रह गया है। इसकी स्थिति अत्यंत खराब और खतरनाक है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि डाकघर का पिछला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। बारिश के मौसम में छत से लगातार पानी टपकता है, जिससे न केवल सरकारी कामकाज बाधित होता है बल्कि दैनिक कार्यों में भी लगातार बाधा पहुंचती है। वरिष्ठ डाक अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट करते हुए लिखा है कि मौजूदा डाकघर कर्मचारी और आम नागरिकों के लिए खतरनाक और असुरक्षित बन चुका है। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना और दुर्घटना की आशंका को देखते हुए इसे तत्काल स्थानांतरित करना आवश्यक है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ डाक अधीक्षक धनबाद में डाक निरीक्षक को निर्देश देते हुए कहा है कि वह जल्द से जल्द कतरास बाजार डाकघर को किसी सुरक्षित और अधिक उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए एक अच्छे किराए के अथवा किराया मुक्त भवन की तलाश शुरू करें ताकि डाकघर के स्टाफ और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
