
पुटकी: धनबाद जिला के पुटकी क्षेत्र में कथित अवैध कोयला कारोबार को धड़ले से जारी । अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर झारखंड पुलिस, धनबाद पुलिस, विधायक रागिनी सिंह और सीआईएसएफ को टैग करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
रत्नेश कुमार का आरोप है कि एरिया-07 के बंद पड़े एसटीजी आउटसोर्सिंग क्षेत्र से कथित रूप से अवैध खनन कर बड़े पैमाने पर कोयला निकाला जा रहा है। उनका कहना है कि इस कोयले को करकेंद टीओपी के पीछे जंगल में संचालित एक कथित अवैध डिपो में जमा किया जाता है और बाद में रात के समय ट्रकों के माध्यम से भट्टे तक भेजा जाता है।
उन्होंने ये भी कहा की सोमवार को अवैध डिपो में छापेमारी हुई थी और कोयला भी जप्त हुआ था, लेकिन इसके बावजूद कथित अवैध कारोबार नहीं रुका। आरोप है कि मजदूरों के जरिए बंद आउटसोर्सिंग से कोयला निकालकर उसकी खरीद-बिक्री की जा रही है, जिससे बीसीसीएल और सरकार के राजस्व को भारी नुकसान पहुंच रहा है।

रत्नेश कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि करकेंद टीओपी के पीछे जंगल में संचालित कथित अवैध डिपो में कोयले की तौल के लिए कांटा लगाया गया है, जहां खुलेआम साइकिल और स्कूटर से लाए गए कोयले की खरीद-बिक्री और भंडारण किया जाता है। इसके बाद रात में ट्रकों के जरिए कोयला विभिन्न भट्टों तक भेजा जाता है।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर छापेमारी के बाद भी यह कथित अवैध डिपो किसके संरक्षण में संचालित हो रहा है। साथ ही उन्होंने डीजीपी महोदय ओर एसएसपी महोदय से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
