
कतरास: कतरास थाना क्षेत्र के फुलवार में शुक्रवार की शाम एक युवक पर कथित रूप से सुनियोजित तरीके से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर कतरास थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिकी के अनुसार, फुलवार निवासी सुभाष कुमार यादव ने बताया कि 3 जुलाई की शाम करीब 4:15 बजे वह सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान उसका भाई जसविंदर यादव तथा निर्भय पांडेय और करण पांडेय वहां पहुंचे और बातचीत करने लगे। आरोप है कि तभी एक टोटो से 7-8 युवक लाठी-डंडों से लैस होकर वहां पहुंचे और जसविंदर यादव पर हमला कर दिया।
शिकायत में कहा गया है कि मोहम्मद ताबरक ने जसविंदर के सिर पर लाठी से वार किया, जिससे वह अचेत होकर गिर गया। इसके बाद छोटा बाबू और मोहम्मद अल्ताफ ने भी उसके सिर और चेहरे पर लगातार हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे सुभाष कुमार यादव, निर्भय पांडे और करण पांडे के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उन्हें भी चोटें आईं।
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने घटना के दौरान धर्म विरोधी नारे लगाए। साथ ही आरोप है कि एकरामुल ने घायल जसविंदर यादव के गले से सोने की चेन और मोहम्मद सोयब ने उसकी जेब से करीब 33 हजार रुपये निकाल लिए। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे तो सभी आरोपी टोटो से छद्दारडीह की ओर फरार हो गए।
कतरास थाना पुलिस ने सुभाष कुमार यादव की शिकायत पर मोहम्मद ताबरक, छोटा बाबू, मोहम्मद अल्ताफ, एकरामुल, मोहम्मद अतिफ, मोहम्मद सोयब तथा अन्य अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कांड संख्या 180/2026 दर्ज कर लिया है। मामले की जांच पुलिस अवर निरीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
