
कतरास: रविवार को संकल्प एजुकेशन अंगारपथरा से जय धरती मां फाउंडेशन के तत्वाधान बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ ,बेटी को आत्मनिर्भर बनाओ अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित संकल्प एजुकेशन की पूर्व छात्रा एवं पी एम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय बांका बिहार की स्वास्थ्य पदाधिकारी रूपा महतो ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, अभियान पूरे भारतवर्ष में चल रहा है। इस अभियान को आगे बढ़ाते हुए जय धरती मां फाउंडेशन ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ बेटी को आत्मनिर्भर बनाओ एवं दहेज प्रथा को दूर भगाओ का शुभारंभ मानव कल्याण के लिए किया जा रहा है । प्रायः यह देखा जाता है कि बेटी के जन्म के साथ ही उसके विवाह की चिंता अभिभावकों को हो जाती है। परंतु वर्तमान स्थितियों को देखते हुए हमें बिल्कुल इसकी चिंता नहीं करनी चाहिए। हम अपनी बेटियों को सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनाकर इस समस्या का निदान कर सकते हैं। अगर बेटियां बेटो से श्रेष्ठ बन जाए तो दहेज देने की कोई आवश्यकता नहीं है। अब संकल्प एजुकेशन के माध्यम से बेटियों को पढ़ा लिखा कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया जाएगा यह संस्था सभी बालिका विद्यालयों एवं महाविद्यालयो में जाकर इस अभियान से जुड़ने का प्रत्येक बालिकाओं से आग्रह करेगी, समय-समय पर उनका मार्गदर्शन करेगी एवं सहयोग करके जीवन पथ पर आगे बढ़ाएगी। इस पुनीत कार्य में संकल्प एजुकेशन के निदेशक सहदेव महतो, प्रबंध निदेशक मनोरमा देवी विनोद बिहारी महतो जनजातीय कन्या उच्च विद्यालय के संस्थापक सचिव शंकर किशोर महतो, अधिवक्ता राहुल कुमार महतो ,जय धरती मां फाउंडेशन के संस्थापक रवि कुमार निषाद, सह संस्थापक रंजीत कुमार, डॉ प्रिया कुमारी, पूर्व छात्रा सुमन शर्मा, शिक्षिका कौशल्या देवी, नेहरू बालिका उच्च विद्यालय के पूर्व प्राचार्या पूर्णिमा सिंह, कृषि वैज्ञानिक नेहा श्री आदि के सहयोग से कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जाएगा ।
