
कतरास: बाबा बर्फानी के दर्शन करने की अटूट आस्था और मन में अटूट विश्वास लेकर शनिवार को धनबाद जिला अंतर्गत राजबाड़ी रोड, कतरास बाजार से श्रद्धालुओं का एक जत्था पावन धाम अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ। यह जत्था मुख्य रूप से सामाजिक कार्यकर्ता राखो हरि पटवा के कुशल नेतृत्व में धनबाद रेलवे स्टेशन से जम्मूतवी के लिए रवाना हुआ है।
श्रद्धालुओं में भारी उत्साह, चेहरों पर दिखी खुशी
यात्रा पर रवाना होने से पहले सभी श्रद्धालुओं के चेहरे पर एक अलग ही चमक, भारी उत्साह और खुशी की लहर देखने को मिल रही थी। ‘जय बाबा बर्फानी’ और ‘बम-बम भोले’ के पवित्र जयकारों के बीच पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। जत्थे में शामिल सभी शिवभक्तों ने कहा कि वे बेहद सौभाग्यशाली हैं, जिन्हें इस वर्ष बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा में माथा टेकने और उनके अलौकिक स्वरूप के दर्शन करने का अवसर प्राप्त हो रहा है।

अमरनाथ गुफा भगवान शिव के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। यह गुफा समुद्रतल से 13600 फुट की ऊँचाई पर स्थित है। इस गुफा की लंबाई भीतर की ओर 19 मीटर और चौड़ाई 16 मीटर है। गुफा 11 मीटर ऊँची है। अमरनाथ को तीर्थों का तीर्थ कहा जाता है। क्योंकि ऐसा माना जाता है कि यहीं पर भगवान शिव ने माँ पार्वती को अमरत्व का रहस्य बताया था।
जत्था में राजू दे, राज कुमार प्रामाणिक,सहदेव रवानी, संजय दे, कैलाश कुम्हार, संजय रवानी, परमेश कुमार गुप्ता, राहुल पटवा, सुरज चौरसिया, पिंटू कुमार दास,कैलाश नोनिया, सौरभ कुमार पटवा, रजत मोदक आदि दर्जनों की संख्या में श्रद्धालु हैं शामिल हैं। सभी श्रद्धालुओं ने बाबा से क्षेत्र की सुख, समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना करने की बात कही। स्थानीय लोगों और परिजनों ने ट्रेन पर बिठाकर सभी तीर्थयात्रियों को मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दी।
