
कतरास: बाघमारा थाना क्षेत्र के भीमकनाली मांझी बस्ती में संचालित एक अवैध कोयला डिपो पर रविवार को जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। सीआईएसएफ (CISF), बाघमारा पुलिस, वन विभाग और बीसीसीएल (BCCL) ब्लॉक टू क्षेत्रीय प्रबंधन ने एक संयुक्त छापेमारी अभियान चलाकर मौके से लगभग 100 टन अवैध कोयला जब्त किया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, तस्करों द्वारा इस डिपो में भारी मात्रा में अवैध कोयला इकट्ठा किया गया था, जिसे रातों-रात ट्रकों के माध्यम से बाहर खपाने की योजना थी। इससे पहले कि तस्कर अपने मंसूबों में कामयाब हो पाते, संयुक्त टीम ने अचानक डिपो पर धावा बोल दिया। मौके से भारी मात्रा में कोयला जब्त कर उसे नियमानुसार कोलडंप में जमा करा दिया गया है। इस औचक कार्रवाई के बाद से पूरे क्षेत्र के कोयला तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
कोयला चोरी बर्दाश्त नहीं: बीसीसीएल प्रबंधन
मौके पर मौजूद बीसीसीएल ब्लॉक टू क्षेत्र के नोडल इंचार्ज नवीन कुमार ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि बीसीसीएल की संपत्ति की सुरक्षा प्रबंधन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और कोयला चोरी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
लंबे समय से की जा रही थी शिकायत
गौरतलब है कि इस अवैध कोयला डिपो के खिलाफ ग्राम स्वराज संस्था के संस्थापक जगत महतो ने मोर्चा खोल रखा था। उन्होंने जिला प्रशासन, वन विभाग, सीआईएसएफ सहित कई अन्य संबंधित विभागों को अनेकों बार लिखित शिकायत सौंपकर इस डिपो पर कार्रवाई करने की मांग की थी।
छापेमारी टीम में ये रहे शामिल
इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में मुख्य रूप से सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडर पी.एस. तंवर, इंस्पेक्टर राजेश कुमार, बाघमारा थाना के सुदर्शन राम, वन विभाग से दीपक कुमार, संजय दुसाध, विकास सिंह सहित बीसीसीएल प्रबंधन और आसूचना बल के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे क्षेत्र में हो रहे किसी भी अवैध कोयला कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस या बीसीसीएल प्रबंधन को दें, ताकि इस पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके।
