
कतरास: धनबाद नगर निगम अंतर्गत कतरास अंचल कार्यालय, गुहीबांध में जनसुनवाई शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आए लोगों ने महीनों से लंबित अपनी समस्याओं का पिटारा नगर आयुक्त श्री आशीष गंगवार के सामने खोल दिया। कई लोगों का गुस्सा इस बात पर फूटा कि पूर्व में दी गई शिकायतों का आज तक कोई निस्तारण नहीं हो सका है और फिर से शिविर का आयोजन कर दिया गया। लोगों ने आरोप लगाया की कार्रवाई के नाम पर नगर निगम द्वारा आयोजन शिविर लगाकर दिखावा किया जा रहा है।

7 महीनों में भी नहीं बना डेथ सर्टिफिकेट
जनसुनवाई के दौरान कतरास निवासी नवीन कुमार गुप्ता ने नगर निगम की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए बताया कि उनके पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र पिछले 7 महीनों से लंबित है और वे लगातार चक्कर काटने को मजबूर हैं।
नाली निर्माण में गड़बड़ी पर नगर आयुक्त कराएंगे मैटेरियल का जांच
शिविर में सबसे प्रमुख रूप से जलजमाव और घटिया नाली निर्माण की शिकायतें छाई रहीं। वार्ड नंबर 1 के सिंह बस्ती में बन रहे नाली निर्माण की घटिया गुणवत्ता का मामला उठने पर नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सिंह बस्ती में प्रयुक्त निर्माण सामग्री के नमूनों को BIT सिंदरी के लैब में जाँच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
निर्माण कार्य में लगातार गड़बड़ी की शिकायतें मिल रही हैं, मामले को बोर्ड की बैठक में उठाऊंगी
वार्ड संख्या 1 की पार्षद डॉ. मधुमाला ने कहा कि अपने वार्ड मे नाली निर्माण में गड़बड़ी की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, वे इस मामले को आगामी बोर्ड की बैठक में पुरजोर तरीके से उठाएंगी।
अतिक्रमण और जलजमाव पर नगर आयुक्त ने दी तीखी हिदायत
कतरास हटिया और आसपास के प्रमुख इलाकों में बढ़ते अतिक्रमण पर नगर आयुक्त ने कहा कि अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी तत्परता के साथ जारी है। वहीं, नालियों में जाम की समस्या पर आम जनता से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि लोग प्लास्टिक और कचरा नालियों में न फेंकें, ताकि जल निकासी में कोई बाधा न आए।

सफाई कर्मियों को राहत, प्रमाण पत्रों का वितरण
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम की ओर से सफाई कर्मियों को जूते, रेनकोट, हेलमेट, ग्लब्स एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा सामग्री वितरित की गई। साथ ही, कई आवेदकों को ऑन-द-स्पॉट जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त प्रसून कौशिक, सहायक नगर आयुक्त शिखा कुमारी, नगर प्रबंधक साबिर आलम, रेवेन्यू इंस्पेक्टर सचिन कुमार, बड़ा बाबू राकेश कुमार सिन्हा, वार्ड 3 पार्षद प्रतिनिधि विनायक गुप्ता, पार्षद मो. शहाबुद्दीन, पार्षद छोटू सिंह, पार्षद निरुपमा देवी, पार्षद डॉ मधुमाला, भाजपा कतरास मंडल अध्यक्ष सूर्यदेव मिश्रा और महेश पासवान सहित भारी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद थे।
