
कतरास: कतरास पुलिस ने सोमवार को राहुल चौक के पास मोटरसाइकिल चोरी करते हुए एक युवक को रंगेहाथ गिरफ्तार कर बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथी को भी चोरी की एक हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सूरज मंडल (19 वर्ष), पिता टुनटुन मंडल, निवासी मटरूखा, थाना मुफ्फसिल, जिला गिरिडीह को बाइक चोरी करते समय पकड़ा गया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्वारा पूछताछ में मिले स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस ने मटरूखा में छापेमारी कर उसके सहयोगी सत्यम कुमार मंडल (18 वर्ष), पिता गंगाधर मंडल को चोरी की एक हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे रविवार की हटिया के दिन बस से गिरिडीह से कतरास आते थे। पहले इलाके की रेकी करते और फिर सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिलों को मास्टर चाबी की मदद से चोरी कर गिरिडीह ले जाते थे। वहां बाइक की नंबर प्लेट बदलकर उसे बेच दिया करते थे।
इस मामले में कतरास थाना में कांड संख्या 200/26, दिनांक 27 जुलाई 2026 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी मोटरसाइकिल में डबल लॉक का प्रयोग करें तथा सड़क किनारे असुरक्षित स्थानों पर वाहन खड़ा करने से बचें।
