
कतरास/धनबाद : कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलेक्टेड गोविंदपुर बस्ती में हुए भीषण भू-धंसान के अगले दिन बीसीसीएल (BCCL) प्रबंधन, स्थानीय विधायक शत्रुघ्न महतो, कांग्रेस जिला महासचिव राजेश राम, बाघमारा अंचल अधिकारी गिरिजानन्द किस्कू प्रभावित स्थल का जायजा लेने पहुंचे। दोपहर में बीसीसीएल प्रबंधन और वार्ड पार्षद डॉ मधुमाला की ओर से प्रभावितों के लिए भोजन का व्यवस्था कराया गया।

बेलगड़िया शिफ्ट करने के प्रस्ताव को ग्रामीणों ने सिरे से किया खारिज
घटना के बाद मौके पर पहुंचे प्रशासनिक दल और बीसीसीएल प्रबंधन ने स्थिति का जायजा लिया और पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। बीसीसीएल के एक अधिकारी ने बताया कि प्रभावितों को तत्काल भोजन एवं रहने का व्यवस्था प्रबंधन द्वारा कराया जा रहा है। साथ ही सभी को बेलगड़िया शिफ्टिंग कराया जाएगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने दावा किया कि बेलगड़िया में पानी और बिजली की सुविधा बहाल है हालांकि, उन्होंने अपना परिचय देने से साफ मना कर दिया। जानकारी के अनुसार प्रभावित ग्रामीणों ने बेलगड़िया शिफ्टिंग का प्रस्ताव सिरे से खारिज कर दिया।
राहत के नाम पर बीसीसीएल प्रबंधन कर रही खानापूर्ति, भोजन उपलब्ध कराकर थपथपा रही अपनी पीठ
स्थानीय लोगों और प्रभावित परिवारों का आरोप है कि भू-धंसान के इतने बड़े हादसे के बाद भी बीसीसीएल प्रबंधन राहत के नाम पर केवल भोजन उपलब्ध कराकर अपनी पीठ थपथपा रहा है। 5 से 6 घर पूरी तरह भू-धंसान की चपेट में आ चुके हैं और आसपास के अन्य मकानों पर भी लगातार खतरा मंडरा रहा है, लेकिन वास्तविक धरातल पर कोई सुरक्षात्मक कदम नहीं उठाया गया हैं।

अवैध खनन पर भड़के कांग्रेस नेता: “नक्शे से मिट जाएगा बाघमारा”
मौके पर मौजूद जिला महासचिव जिला स्टैंडिंग कांग्रेस कमेटी राजेश राम ने बीसीसीएल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन को इस आपदा के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि पूरे बाघमारा क्षेत्र में बेधड़क हो रहे अवैध खनन के कारण लगातार भू-धंसान की घटनाएं सामने आ रही हैं। यदि प्रशासन ने समय रहते सख्त रुख नहीं अपनाया, तो एक दिन पूरा बाघमारा क्षेत्र ही नक्शे से गायब हो जाएगा। वहीं मौके पर मौजूद प्रदेश सचिव झारखण्ड युवा कांग्रेस आकाश प्रामाणिक ने प्रभावित परिवारों को तत्काल प्रभावी राहत सामग्री उपलब्ध कराने और नुकसान का उचित मुआवजा देकर शीघ्र पुनर्वास की व्यवस्था कराने का मांग किया।
