
कतरास: बीसीसीएल गोविंदपुर एरिया-3 के अंतर्गत ईस्ट कतरास आकाशकिनारी स्थित एसटीजी जे.भी. डेको आउटसोर्सिंग माइन्स में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। डंपिंग रोड पर ओबी लदे आउटसोर्सिंग वाहन की चपेट में आने से 55 वर्षीय मधुसूदन यादव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच की बताई जा रही है, जब आकाशकिनारी निवासी मधुसूदन यादव डंपिंग रोड के समीप शौच के लिए गए थे।
हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने आउटसोर्सिंग प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि सर्विस रोड पर पर्याप्त रोशनी न होने और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण यह हादसा हुआ। लोगों ने बताया कि जिस सर्विस रोड से आम नागरिक गुजरते हैं, उसी से प्रबंधन अत्यधिक गर्म ओबी (ओवरबर्डन) लदे वाहनों का परिचालन कराता है। इससे पहले भी इस रास्ते पर एक सब्जी विक्रेता के झुलसने की घटना हो चुकी है, लेकिन प्रबंधन ने कोई सबक नहीं लिया।
घटना की सूचना मिलते ही कतरास थाना पुलिस और सीआईएसएफ के जवान मौके पर पहुंचे। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पुलिस के हस्तक्षेप से परिजनों व आउटसोर्सिंग कंपनी के बीच वार्ता हुई। प्रबंधन द्वारा मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने और छोटे पुत्र को आउटसोर्सिंग कंपनी में नियोजन देने पर लिखित सहमति बनी।
सहमति के बाद कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच, धनबाद भेज दिया।
