
कतरास: टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से “रिश्ता” प्रोजेक्ट अभियान के तहत राजेंद्र कन्या मध्य विद्यालय कतरास में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में वर्ग अष्टम के कुल 78 बच्चों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में मौखिक रूप से बच्चों से जनरल नॉलेज, करंट अफेयर्स और कंप्यूटर साइंस आदि से कई सवाल पूछे गए। बच्चों ने हाथ उठाकर उन सवालों के जवाब दिए। सबसे अधिक सही जवाब देने वाले छात्र देवराज कुमार को प्रथम, रोहन शर्मा को द्वितीय एवं आयुष पाठक को तृतीय विजेता घोषित किया गया। प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को बैग, टिफिन एवं कलर पेंसिल देकर पुरुस्कृत किया गया।
आयोजकों ने बताया कि टाटा स्टील फाउंडेशन का अंतिम लक्ष्य बच्चों और युवाओं को स्वास्थ्य, जीवन कौशल और शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर और जागरूक नागरिक बनाना है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों में सोचने समझने की तर्क करने और सही गलत का निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता जगता है ताकि वह अपना अधिकार और कर्तव्य के प्रति जागरूक हो सके।
प्रधानाध्यापक बोले- ‘प्रतियोगिता में भाग लेना ही बड़ी जीत’, क्विज से तेज होती है बच्चों की निर्णय क्षमता
स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक राकेश कुमार मुरली ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य केवल यह देखना नहीं होता कि कौन जीतता है या कौन हारता है, बल्कि यह देखना होता है कि हम अपनी सीखने की प्रक्रिया में कितना आगे बढ़े हैं। क्विज प्रतियोगिताएँ हमारे दिमाग की धार को तेज करती हैं, हमारी त्वरित निर्णय को बढ़ावा देती हैं। किताबों के ज्ञान को जब हम एक खेल और प्रतियोगिता के रूप में प्रस्तुत करते हैं, तो कोई भी चीज सीखना अधिक रोचक और आसान बन जाता है। ऐसे प्रतियोगिताओं में भाग लेना ही अपने आप में एक बड़ी जीत है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को बधाई दी।
