
कतरास: समस्त कोयलांचल में पूरे धूमधाम से गणेश पूजा मनाया गया। समाज के गणमान्य लोगों ने आगे बढ़कर पूजा में अपना सहयोग दिया और पूजा को सफल किया। इस वर्ष कतरास तिलाटांड़ शिव मंदिर स्थित मैदान में भी पांच दिवसीय श्रीश्री सार्वजनिक गणेश पूजा का आयोजन किया गया था। शनिवार समापन के दौरान खिचड़ी महाभोग का आयोजन किया गया। महाभोग प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। लोगों ने कतारबद्ध होकर और प्रफुल्लित मन से प्रसाद ग्रहण किया।
खिचड़ी महाभोग वितरण के बाद संध्या के समय आकर्षक झांकियों के साथ भव्य भक्ति जागरण का आयोजन किया गया। भक्ति गीतों और झांकियों से पूरा कतरास क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। आसपास के गांव-मोहल्लों से पहुंचे श्रद्धालुओं में बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों ने भक्ति जागरण का आनंद लिया और देर रात तक भक्तिमय वातावरण में लीन रहे।
पूजा आयोजन को सफल बनाने में पूजा समिति के सदस्य पंकज सिंह, सुमित रवानी, अंकित सिंह, निखिल सिंह, राहुल सिंह, सोनू हजारी, पवन हजारी, हर्षित सिंह, विवेक हजारी, अमन सिंह, रोशन रवानी, गौतम रवानी, रोहित तूरी, समीर रवानी सहित अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
