
कतरास : दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की शानदार जीत से धनबाद और कतरास के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। शनिवार को चुनाव परिणाम घोषित होते ही कतरास थाना चौक में छात्र नेता शुभम हजारी के नेतृत्व में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर पटाखे फोड़े और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई।
नॉर्थ कैंपस में हुई मतगणना, ABVP ने तीन सीटों पर दर्ज की जीत
शनिवार सुबह नॉर्थ कैंपस स्थित यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स स्टेडियम के मल्टीपर्पज हॉल में मतगणना पूरी हुई। चारों केंद्रीय पदों के घोषित नतीजों में एबीवीपी ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद पर अपना परचम लहराया।
अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास ने 24,576 वोट हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी NSUI के विजय शंकर मीणा (22,523 वोट) को पराजित किया। वहीं सचिव पद ABVP की रिया छावड़ी ने 21,650 मत प्राप्त कर NSUI की नम्रता चौधरी (14,869 वोट) को बड़े अंतर से हराया। संयुक्त सचिव पद ABVP के लक्ष्य राज सिंह 16,615 वोटों के साथ विजयी रहे। उन्होंने SCS के विशेष यादव (15,778 वोट) और NSUI के गोपाल चौधरी को पीछे छोड़ा। सबसे आश्चर्यजनक उपाध्यक्ष पद रहा। इस पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने 30,615 वोट पाकर बड़ी जीत दर्ज की, जबकि ABVP के ईशु मौर्या को 16,910 वोट मिले।
जश्न डूबा कतरास कार्यकर्ताओं ने बांटी मिठाइयां पटाखे भी फोड़े
डूसू के नतीजों की खबर मिलते ही कतरास और धनबाद क्षेत्र के एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों ने एक बार फिर राष्ट्रवादी और छात्रहितैषी नीतियों में अपना विश्वास जताया है। जश्न के दौरान भारत माता की जय और एबीवीपी जिंदाबाद के नारों से पूरा इलाका गुंजायमान रहा।
