
जमीन हमारी, जंगल और खनिज हमारा, तो हक भी हमारा – रतिलाल टुडू
कतरास : केंद्र सरकार द्वारा पारित किए गए एमएमडीआर (MMDR) बिल के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने शनिवार को बाघमारा प्रखंड कार्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इस बिल को झारखंड के जनहित तथा आर्थिक अधिकारों के पूरी तरह विपरीत बताया।प्रदर्शन को संबोधित करते हुए झामुमो नेता रतिलाल टुडू ने कहा कि राज्य की जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा हमारी है तो इस पर सबसे पहला अधिकार भी हमारा होगा, यहां के निवासियों का होगा।
झामुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि बिल के नए प्रावधानों से झारखंड के खनिज संसाधनों पर राज्य सरकार का नियंत्रण कम होगा, जिससे राज्य को मिलने वाले राजस्व (रॉयल्टी) में भारी गिरावट आएगी। नेताओं ने कहा कि खनिज से मिलने वाले राजस्व से ही राज्य में कई महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जाती हैं, इसलिए राज्य के हितों से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मांगें माने जाने तक जारी रहेगा आंदोलन
नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक केंद्र सरकार एमएमडीआर बिल को वापस नहीं लेती या राज्य के हितों के अनुरूप इसमें संशोधन नहीं करती, तब तक झामुमो का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से धीरन रवानी, डब्लू माथा, रतिलाल टुडू, रंजीत सिंह, सूरज महतो, रिजवान क्रांतिकारी, सज्जाद अंसारी, वकील अंसारी, मंजूर अंसारी, कासिम अंसारी और दयालाल महतो सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
