कतरास : कोयलांचल में भू-धंसान का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को लोयाबाद थाना क्षेत्र के 7 नंबर मुस्लिम मोहल्ले में तेज धमाके के साथ अचानक जमीन धंस गई। इस हादसे में चार मकान चपेट में आ गए, जिनमें से दो पूरी तरह जमींदोज हो गए और घर का सारा सामान गोफ में समा गया। राहत की बात यह रही कि धमाके की आवाज सुनते ही लोग समय रहते बाहर भाग निकले, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही लोयाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और प्रभावित इलाके की घेराबंदी कर बैरिकेडिंग कर दी। वहीं प्रशासन और बीसीसीएल (BCCL) के अधिकारियों ने भी घटनास्थल का जायजा लेकर प्रभावित क्षेत्र का आकलन शुरू कर दिया है।
कोयलांचल के भूमिगत खदान प्रभावित इलाकों में पिछले डेढ़ महीने के भीतर लगातार ऐसी घटनाएं सामने आई हैं। इससे पूर्व अगस्त और सितंबर के दौरान कतरास के छाताबाद में बार-बार जमीन धंसने से दो दर्जन से अधिक मकान और सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। वहीं सिजुआ के 3 पट्टियां धौड़ा में मकान ढहने से एक मासूम बच्चे की जान भी जा चुकी है। इसके अलावा बरारी, लोदना, महेशपुर और केशलपुर-कुमारपट्टी में भी लगातार जमीन धंसने, जहरीली गैस निकलने और चाल धंसने से हादसों का सिलसिला जारी है।
पुरानी भूमिगत खदानों और अवैध खनन के कारण पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्रशासन और बीसीसीएल द्वारा खतरनाक स्थानों की घेराबंदी और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की कवायद की जा रही है, लेकिन लगातार धंसती जमीन ने स्थानीय निवासियों की नींद उड़ा दी है।

