
कतरास: बीसीसीएल (BCCL) एरिया-4 स्थित केशलपुर कोलियरी क्षेत्र अंतर्गत ग्रीन पार्क के समीप एक गोफ बनने की घटना से आसपास के निवासियों में भारी दहशत फैल गई है। हैरानी की बात यह है कि घटना से ठीक 24 घंटे पहले ही झींझीपहाड़ी पंचायत की मुखिया प्रेमलता कुमारी ने बीसीसीएल प्रबंधन को पत्र सौंपकर अवैध कोयला खनन से भू-धंसान और बड़े हादसे की आशंका जताई थी।
उन्होंने बीसीसीएल एरिया-4 के महाप्रबंधक (GM) को आवेदन देकर कतरास-केशलपुर कोलियरी में चल रहे अवैध कोयला खनन को तत्काल बंद कराने की मांग की है। अपने पत्र में उन्होंने स्पष्ट उल्लेख किया है कि कोलियरी क्षेत्र के हॉस्पीटल के पीछे, बिजली पोल के पास तथा 2 नंबर बंद खदान में अवैध खनन का कार्य धड़ल्ले से जारी है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा है कि हाल ही में रामकनाली ओपी के बुटू बाबू बंगला के पास हुए भू-धंसान में कुछ लोगों की जान चली गई थी। इसके बावजूद केशलपुर कोलियरी में अवैध खनन चल रहा है। यदि इसे रोका नहीं गया तो यहाँ रह रहे सैकड़ों परिवारों की जान जोखिम में पड़ सकती है।
चेतावनी सच साबित हुई, गोफ बनने से लोग भयभीत
मुखिया द्वारा चेतावनी भरा पत्र सौंपे जाने के महज 24 घंटे बाद ही केशलपुर ग्रीन पार्क के समीप गोफ बन जाने से स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा और डर दोनों बढ़ गया है। मुखिया ने स्पष्ट कहा है कि अवैध खनन और भू-धंसान से होने वाली किसी भी जनहानि की पूरी जिम्मेदारी बीसीसीएल प्रबंधन और स्थानीय पुलिस की होगी। उन्होंने कहा कि भविष्य मे भू धंसान जैसी किसी भी प्रकार की दुर्घटना में जान जाने पर बीसीसीएल को पीड़ित परिवार को नौकरी और 50 लाख रुपये का मुआवजा देना होगा।
