
वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अतिक्रमणकारियों पर होगी प्राथमिकी – नगर प्रबंधक
कतरास: अंततः लिलोरी स्थान मुक्तिधाम में खड़ी कब्जे की दीवार ढह गई। नगर निगम की इन्फोर्समेंट टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निगम के कर्मियों एवं जेसीबी के सहयोग से प्रतीक्षालय में अवैध कब्जा कर बनाई गई दीवार की एक एक ईंट को ध्वस्त कर दिया। लोगों का कहना है कि इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों के हौसले टूटे हैं और ऐसे लोगों को कानून के प्रति डर भी जागा है।
दो दिन के अल्टीमेटम देने के बाद दबाब में नगर निगम ने की कार्रवाई – अमन जयसवाल
जीएनएम दुर्गा पूजा समिति के वर्तमान सचिव अमन जयसवाल ने कहा कि नगर निगम को यह कार्रवाई पहले ही कर देना चाहिए था लेकिन निगम के अधिकारी अवैध निर्माण कार्य रुकवाकर निद्रासन में चली गई थी। हमलोगों ने और कतरास की जनता ने इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए 2 दिन के भीतर निर्माण कार्य हटा लेने का अल्टीमेटम दिया तब नगर निगम की टीम नींद से जागी है और 24 घंटे में ही कड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण कार्य को ध्वस्त कर दिया। अमन जयसवाल ने नगर निगम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगे भी यदि कहीं सार्वजनिक स्थल में जहां सीधे सीधे आम जनता का जुड़ाव हो वहां भी यदि इसी प्रकार का कोई शिकायत प्राप्त होता है तो हम और हमारी टीम जनहित में उसका भी समाधान करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।
अवैध कब्जे की शिकायत मिली थी, वरीय अधिकारियों के निर्देश पर तोड़ दी गई दीवार – नगर प्रबंधक
कार्रवाई करने के लिए मुक्तिधाम पहुंचे नगर प्रबंधक रोहित राहुल समद ने बताया कि मीडिया के माध्यम से लिलोरी स्थान मुक्तिधाम में बने प्रतीक्षालय को अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कर लेने की शिकायत मिली थी। शिकायत के बाद इसका भौतिक निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगा दिया गया था। आज वरीय अधिकारियों के निर्देश पर इंफोर्समेंट टीम एवं स्थानीय थाना के सहयोग से अवैध कब्जा हटा दिया गया। उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार कराने वालों से केयर टेकर के द्वारा मनमाना राशि वसूलने की शिकायत भी प्राप्त हुई, इसका जांच पड़ताल कर वरीय अधिकारियों को जांच रिपोर्ट सौंप दिया जायेगा। पीने का पानी जैसे अन्य मूलभूत सुविधाएं लागू करने को लेकर भी वरीय अधिकारियों से बातचीत की जाएगी।
सार्वजनिक स्थानों में कोई भी अतिक्रमण करने की कोशिश न करें – अनिल कुमार
फूड सह इन्फोर्समेंट टीम के इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि मुक्तिधाम मंदिर परिसर अथवा किसी भी सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण करने की कोशिश ना करें अन्यथा कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहे। उन्होंने कहा कि यदि किसी सार्वजनिक स्थल पर या नगर निगम की जमीन पर अवैध कब्जा या निर्माण होता है तो इसकी शिकायत नगर निगम से करें, नगर निगम नियमानुसार कार्रवाई करेगी।
मौके पर नगर निगम कार्यालय कतरास के बड़ा बाबू राकेश कुमार सिन्हा, सुपरवाइजर विक्की कुमार, कतरास पुलिस बल एवं अन्य कई लोग उपस्थित थे।
