
कतरास: कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद पांच नंबर में कथित अवैध खनन का विरोध करने पर कोयला तस्करों द्वारा पार्षद निरुपमा देवी के साथ मारपीट करने के आरोप में सैकड़ों महिला-पुरुष थाना मोड़ पहुंचे और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सड़क जाम कर दिया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पार्षद निरुपमा देवी ने बताया कि वे दर्जनों लोगों के साथ बीसीसीएल एवं सीआईएसएफ के अधिकारियों को अवैध खनन स्थल का निरीक्षण कराने ले गए थे। इसी दौरान कोयला तस्करों ने उसके साथ एवं उसके देवर के साथ मारपीट और गाली गलौज की। साथ ही धमकी देते हुए कहा कि जो भी अवैध खनन बंद कराने आएगा उसको इसी खदान में गाड़ देंगे। उन्होंने कहा कि जब एक जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं है तो आम आदमी कितना सुरक्षित रहेगा। पार्षद निरुपमा देवी ने आरोप लगाया कि पूरे कतरास कोयलांचल में अवैध खनन के कारण लोग परेशान हैं। अवैध खनन के खिलाफ आंदोलन चलाए जाने के बावजूद प्रशासन की मिलीभगत से अवैध खनन जारी है। उन्होंने सरकार से सभी कोयला तस्करों एवं कला तस्करी में संलिप्त सभी दोषी लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
वही मामले की शिकायत करने कतरास थाना पहुंची पार्षद निरुपमा देवी एवं उनके समर्थकों का कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार से नोक झोक हो गया। जिससे लोग आग बबूला हो गए। इसके विरोध में कांग्रेस नेता अशोक लाल भी ग्रामीणों और पार्षद के साथ कतरास थाना चौक पर धरने में डटे रहे। धरना प्रदर्शन के कारण थाना चौक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। कतरास थानेदार प्रवीण कुमार और रामकनाली ओपी प्रभारी अलिशा कुमारी मौके पर पहुंचकर आंदोलनकारियों को समझाने और जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे।
इधर, पुलिस का कहना है कि मामले में अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों का धरना जारी था और सड़क पर जाम की स्थिति बनी हुई थी।
