
कतरास : ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के तहत गुरुवार को धनबाद नगर निगम की ओर से कतरास के प्रसिद्ध मां लिलोरी मंदिर परिसर और उसके आसपास बृहद सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान मुख्य रूप से उपस्थित धनबाद सांसद ढुलू महतो और नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने पार्षदों संग मंदिर प्रांगण में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पत्रकारों से बात करते हुए सांसद ढुलू महतो ने कहा कि उनका संकल्प धनबाद को स्वच्छता की रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचाना है। उन्होंने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए आम नागरिकों से सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने की अपील की।
11 अक्टूबर से पहले पचगढ़ी में हो जाएगा नाली निर्माण- नगर आयुक्त
नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने जानकारी दी कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जारी इस अभियान के तहत श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए लिलोरी मंदिर में विशेष सफाई कराई गई है। उन्होंने पचगढ़ी बाजार की नालियों के निर्माण पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए कहा कि चालान जमा न होने से कुछ संवेदकों का भुगतान अटका है, जिससे काम प्रभावित हुआ है। हालांकि, 11 अक्टूबर से पहले नाली निर्माण कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा।
कार्यक्रम में सहायक नगर आयुक्त शिखा गुप्ता, प्रतिभा रानी, सिटी मैनेजर रोहित समद, रैमकी प्रबंधक अनवर खान, पार्षद डॉ. मधुमाला, कल्पना महतो, निरुपमा देवी, छोटू सिंह और मुखिया प्रतिनिधि गणेश महतो समेत कई अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित थे।
