
कतरास: बीसीसीएल कतरास क्षेत्र के रामकनाली ओपी अंतर्गत बुट्टू बाबू बंगला के समीप कथित अवैध कोयला खनन का प्रयास स्थानीय ग्रामीणों के कड़े विरोध के चलते पूरी तरह विफल हो गया। गुरुवार रात से ही जेसीबी मशीन लगाकर जमीन की खुदाई की जा रही थी। शुक्रवार को जैसे ही इसकी भनक आसपास के मोहल्ले वालों को लगी, दर्जनों की संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और काम रुकवा दिया। ग्रामीणों द्वारा जेसीबी चालक से पूछताछ करने पर उसने रामकनाली के ही एक व्यक्ति के इशारे पर खुदाई करने की बात स्वीकार की।

घटना की जानकारी मिलते ही रामकनाली ओपी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां पुलिस को ग्रामीणों के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच कई बार तीखी झड़प भी हुई। ग्रामीणों ने पुलिस पर अवैध कारोबारियों को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाते हुए साफ कर दिया कि वे किसी भी कीमत पर इलाके में अवैध उत्खनन नहीं होने देंगे। पुलिस के विरोध और दबाव के बावजूद ग्रामीण मौके पर डटे रहे और जेसीबी से खोदे गए गड्ढे को वापस भरवाने के बाद ही पीछे हटे। फिलहाल ग्रामीणों के कड़े रुख के बाद क्षेत्र में खनन कार्य पूरी तरह बंद है।
