
धनबाद : श्री सर्वेश्वरी समूह, शाखा धनबाद की ओर से 1 फरवरी 2026 (रविवार) को निःशुल्क मिर्गी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर जय प्रकाश नगर स्थित श्री सर्वेश्वरी समूह आश्रम परिसर में आयोजित होगा, जहां जरूरतमंद मरीजों को फकीरी एवं आयुर्वेदिक पद्धति से निर्मित औषधियों के माध्यम से उपचार दिया जाएगा।
शिविर में मिर्गी से पीड़ित मरीजों को सुबह 4 बजे से सूर्य उदय से पूर्व तक निःशुल्क दवा प्रदान की जाएगी। इसके लिए मरीजों को एक दिन पूर्व यानी 31 जनवरी 2026 (शनिवार) को आश्रम में उपस्थित होना अनिवार्य होगा। आश्रम की ओर से मरीजों के रात्रि विश्राम एवं भोजन की व्यवस्था भी पूरी तरह निःशुल्क की जाएगी।
आयोजकों के अनुसार, मरीजों को अपने साथ एक सहयोगी लाना आवश्यक है। साथ ही मौसम को देखते हुए कंबल और बिछावन साथ लाने की सलाह दी गई है। यह दवा गर्भवती महिलाओं के लिए उपयुक्त नहीं है।
आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि यह चिकित्सा शिविर पूर्णतः निःशुल्क है। यदि कोई व्यक्ति इस शिविर के नाम पर शुल्क की मांग करता है, तो उसे भुगतान न करें और तुरंत आयोजकों को सूचित करें।
यह शिविर धनबाद बस स्टैंड से लगभग 1 किलोमीटर और रेलवे स्टेशन से लगभग 3 किलोमीटर की दूरी पर स्थित श्री सर्वेश्वरी समूह आश्रम में आयोजित होगा। ऑनलाइन पंजीकरण के लिए मरीज 7909068351 नंबर पर व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।
आयोजकों ने आम जनता से अपील की है कि मिर्गी से पीड़ित जरूरतमंद मरीज इस शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और इस जानकारी को दूसरों तक भी पहुंचाएं।
