
धनबाद: समाज सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता की मिसाल पेश करते हुए युनिवर्सिटी ऑफ वर्जिनिया की छात्रा अनिका सिंह ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अगर सोच मजबूत हो तो बदलाव संभव है। इनर व्हील क्लब ऑफ धनबाद माइलस्टोन एवं सीएमसी हॉस्पिटल के सहयोग से गुरुवार को 100 महिलाओं का निःशुल्क हीमोग्लोबिन (एचबी) टेस्ट कराया गया, जिससे महिलाओं में एनीमिया जैसी गंभीर बीमारी की पहचान की जा सके।
अनिका सिंह, आईआईटी आईएसएम के दिवंगत प्रोफेसर डॉ. प्रभाकर सिंह की पौत्री हैं। अपने दादा के जीवन संघर्ष और स्वास्थ्य समस्याओं से प्रेरित होकर उन्होंने समाज के कमजोर वर्ग के लिए स्वास्थ्य सेवा को अपना मिशन बना लिया। डॉ. प्रभाकर सिंह अपने जीवन के अंतिम समय में गंभीर बीमारियों से जूझते रहे, जिसके बाद अनिका ने तय किया कि वह जरूरतमंदों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का कार्य करेंगी।

अनिका अपने भाई के साथ मिलकर एसएसआरपीएस (सस्टेनेबल हेल्थ रिसर्च पोर्टल फॉर स्टूडेंट्स) नामक प्लेटफॉर्म का संचालन कर रही हैं, जो भारत और अमेरिका में स्वास्थ्य अनुसंधान एवं सेवा परियोजनाओं पर काम करता है। इस मंच के माध्यम से वे छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य सेवा से जोड़ने का कार्य कर रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान सीएमसी हॉस्पिटल की डॉ. ईशा रानी मिश्रा ने महिलाओं की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया।
जांच के बाद महिलाओं को एक माह की आयरन टैबलेट, कृमिनाशक दवा एवं पौष्टिक फल भी वितरित किए गए। इससे महिलाओं में पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी।
अनिका सिंह ने कहा कि यदि युवा पीढ़ी स्वास्थ्य अनुसंधान और सामाजिक सेवा से जुड़े, तो देश में स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। उनका मानना है कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े बदलाव का रूप लेते हैं।

इस कार्यक्रम में इनर व्हील क्लब धनबाद की अध्यक्ष लीना झा, उपाध्यक्ष रेणु कौशल, आईएसओ गीता चौबे, उषा सिंह सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहीं। सभी ने अनिका के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
स्थानीय महिलाओं ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर गरीब एवं वंचित वर्ग के लिए बेहद लाभकारी हैं। स्वास्थ्य जांच और मुफ्त दवाइयों से उन्हें बड़ी राहत मिली है।
अनिका सिंह की यह पहल न केवल स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा दे रही है, बल्कि युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की दिशा में प्रेरित भी कर रही है।
