
धनबाद : नगर निकाय चुनाव 2026 के लिए पूर्व मेयर और महापौर पद के प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल ने आज झरिया स्थित प्रसिद्ध खाटू वाले बाबा श्याम मंदिर में अपने साथ धर्मपत्नी श्रीमती बीना अग्रवाल के साथ माथा टेका। मंदिर समिति के सदस्यों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका फूलों की माला पहनाकर भव्य स्वागत किया।

इस अवसर पर चंद्रशेखर अग्रवाल ने बाबा श्याम की पूजा-अर्चना कर धनबादवासियों की सुख-समृद्धि और अपनी चुनावी विजय की कामना की। उन्होंने कहा, “आज एकादशी का पावन दिन है और बाबा के बिना यह दिन अधूरा है। मैं धनबाद की जनता से आशीर्वाद मांगता हूँ ताकि वे मुझे पिछले कार्यकाल की तरह इस बार भी सेवा करने का अवसर दें।”

नामांकन से पूर्व समर्थकों के साथ झरिया से समाहरणालय तक निकाली गई भव्य रैली में भारी संख्या में लोग शामिल हुए। रैली झरिया से धनसार, शक्ति मंदिर, नया बाजार, राजेंद्र सरोवर, सिटी सेंटर होते हुए मेमको मोड़ तक पहुँची, जहां से श्री अग्रवाल पैदल समाहरणालय पहुंचे और अपना नामांकन पत्र निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता श्री विनोद कुमार के समक्ष जमा किया।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि उनके पिछले कार्यकाल में किए गए विकास कार्य जनता के लिए स्पष्ट हैं। उन्होंने जनता से फिर से सेवा का मौका मिलने पर धनबाद के विकास को और मजबूती से आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
