
कतरास: तेतुलमारी थाना क्षेत्र एवं जोगता थाना क्षेत्र इन दिनों अवध कोयला कारोबारी का गढ़ बनता जा रहा है। दिन के उजाले से लेकर रात के अंधेरे तक अवैध कोयला खनन धड़ल्ले से चलता रहता है। बाहर से बुलाए गए मजदू अपनी जान जोखिम में डालकर कोयले की अवैध रूप से कटाई करते हैं। कोयला कटाई के दौरान कभी कभी चल धंसने की घटना भी हो जाती है जिससे मजदूरों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ता है। बेखौफ होकर कोयला तस्करी कर रहे कोयला तस्करों को ना तो स्थानीय लोगों का डर होता है ना ही प्रशासन का भय।

सीसीटीवी कैमरे में कैद होती है दिन भर की गतिविधि
जोगता से तेतुलमारी होते हुए दिन भर और रात भर गुजरने वाली कोयला लोड साइकिल, मोटर साईकिल और ट्रक की गतिविधियों को तेतुलमारी थाना के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में देखा जा सकता है। उसके बावजूद भी कोयला कारोबार के इस अवैध गतिविधियों पर पुलिसिया कार्रवाई क्यों नहीं होती है ये पुलिस ही बता सकती है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि क्या ये कैमरे केवल थाना क्षेत्र से होकर गुजरने वाली गाड़ियों की गिनती करने के लिए लगाए गए हैं या फिर अवैध गतिविधियों से रूबरू होकर उस पर लगाम लगाने के लिए। बता दे कि कुछ महीने पहले कितेतुलमारी के ग्रामीणों ने तेतुलमारी थाना के समीप सड़क पर उतरकर अवैध कोयला के खिलाफ आंदोलन भी किया था।


जोगता 22/12 नमक फैक्ट्री और काली मंदिर के समीप बड़े पैमाने में होता है अवैध उत्खनन
यदि जोगता थाना क्षेत्र की बात करें तो सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जागता 22/12 नमक फैक्ट्री के समीप आधा दर्जन से अधिक अवैध मुहानों को खोलकर सैकड़ो मजदूरों से हर रोज हजारों बोरी कोयला अवैध तरीके से कटवाया जाता है। जिसमें हर वक्त मजदूरों के जान जाने का खतरा बना रहता है। इस अवैध कारोबार को मोना, राहुल, शंभू नामक कोयला तस्कर अंजाम देते हैं। वहीं सिजुआ 10 नंबर मोड़ स्थित काली मंदिर के समीप अवैध माइंस खोलकर सैकड़ो मजदूरों से कोयला कटवाया जाता है। यहां से चंद कदमों की दूरी पर एक तरफ बाघमारा डीएसपी का आवासीय कार्यालय तो दूसरी और सीआईएसएफ कैंप स्थित है। बावजूद इसके अवैध कोयला खनन बेखौफ होकर चलता है। यहां चलने वाले अवैध कारोबार में किसी अमजद, सन्नी, प्रकाश, पप्पू और सुधीर का नाम सामने आ रहा है।

सूरज अस्त होने के बाद तेतुलमारी में कोयला तस्कर सूरज का उदय होता है, फिर रात भर चलता है काला खेल
वही तेतुलमारी थाना क्षेत्र में भी इन दिनों कोयला तस्करों की तूती बोल रही है। आसमान का सूरज अस्त होने के बाद तेतुलमारी में कोयला तस्कर सूरज का उदय होता है। फिर दिनभर सामान्य रहने वाला इलाका कोयला तस्करों के जमावड़े से गुलजार हो जाता है। तेतुलमारी थाना क्षेत्र में इन दिनों कई स्थानों पर अवैध कोयला कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। वहीं बताया जाता है कि कोयला तस्कर सूरज इन दिनों करोड़ों में खेल रहा है। क्षेत्र में ऐसा चर्चा है कि कोयला तस्कर सूरज के साथ प्रशासन के बड़े अधिकारियों का मजबूत संबंध हैं। सूरज के एक इशारे पर कोयला चोरी का विरोध करने वाले अथवा अवैध कारोबार के खिलाफ लिखने वाले को सूरज जेल भी भेजवा देता है। ऐसे में अब लोग सवाल करने लगे हैं कि क्या अवैध कारोबार के खिलाफ लिखने या बोलने वाले को जिला प्रशासन के द्वारा यही इनाम दिया जा रहा है।

अपराधियों को जेल भेजने में धनबाद जिला नंबर वन, अवैध कोयला कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई कब
हाल ही में जिला प्रशासन ने जानकारी देते हुए बताया कि अपराध एवं अपराधियों पर कार्रवाई करने एवं अपराधियों को जेल भेजने में धनबाद जिला का प्रथम स्थान रहा है। जिला वासियों ने इसके लिए धनबाद पुलिस और जिला प्रशासन को बधाई भी दी है। लेकिन अब तक अवैध कोयला कारोबार और अवैध कोयला तस्करों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। आम लोग जिला प्रशासन से जल्द से जल्द अवैध कोयला कारोबार पर लगाम लगाने की मांग कर रहे हैं। अब देखना है कि आखिर कब तक कोयला तस्करो पर कार्रवाई हो पाती है।
