
कतरास : बीसीसीएल एरिया तीन के अंतर्गत संचालित जोगीडीह सिम-1 भूमिगत खदान में कार्यरत मजदूर रंजीत बाऊरी की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिजनों और संयुक्त मोर्चा के दबाव के बाद बीसीसीएल प्रबंधन ने उनके मझले पुत्र राजू बाऊरी को तत्काल नियोजन देने पर सहमति जताई। जानकारी के अनुसार रंजीत बाऊरी 5 फरवरी को खदान में काम के दौरान अचानक बीमार पड़ गए थे। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वे लंबे समय से उपचाररत थे। लेकिन रविवार को उनकी तबीयत बिगड़ने के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृत्यु की खबर मिलते ही मृतक के परिजन शव लेकर जोगीडीह सिम-1 पहुंचे। यहां संयुक्त मोर्चा (यूनाइटेड फ्रंट) ने मजदूरों के हित में सक्रिय होकर मृतक के परिवार की मांग को मजबूती से उठाया। परिजनों की प्रमुख मांग थी कि मृतक के एक पुत्र को तत्काल नौकरी (नियोजन) दिया जाए। संयुक्त मोर्चा के कार्यकर्ताओं और परिजनों के लगातार दबाव के बाद बीसीसीएल प्रबंधन को झुकना पड़ा और उन्होंने मृतक रंजीत बाऊरी के मझले पुत्र राजू बाऊरी को तत्काल नियोजन दिया गया । मौक़े पर संयुक्त मोर्चा के नेता रंधीर ठाकुर, जे के झा, लगनदेव यादव, देवानंद राजभर, सुनिल सिंह, मनोज महतो,दयाल महतो सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।
