
धनबाद : झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ के बैनर तले मंगलवार को रणधीर वर्मा चौक स्थित धरना स्थल पर मनरेगा कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कर्मचारी एकजुट होकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए अपनी आर्थिक और सेवा संबंधी मांगों को सामने रखा।
संघ के धनबाद जिला अध्यक्ष यासीन अंसारी ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की संवेदनहीनता के कारण राज्य के मनरेगा कर्मचारी गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड में कई कर्मचारियों को पिछले 6 से 12 महीनों से मानदेय नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बहुत खराब हो गई है।

अंसारी ने यह भी बताया कि कई कर्मचारी पिछले लगभग 19 वर्षों से मनरेगा योजना में सेवा दे रहे हैं, लेकिन उनकी सेवा को स्थायी नहीं किया गया है। कर्मचारियों की प्रमुख मांग है कि उनकी सेवा का स्थायीकरण किया जाए और उन्हें कोषांग के अनुसार ग्रेड पे प्रदान किया जाए।
यासीन अंसारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि राज्य सरकार जल्द उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देती है, तो कर्मचारी आने वाले दिनों में अनिश्चितकालीन धरना देने को मजबूर होंगे।
