
कतरास: जिले में लगातार क्राइम मीटिंग होने के बावजूद पुलिस क्राइम को रोकने में कामयाब नहीं हो पा रही है। पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। चोरी का आलम यह है कि जब तक पुलिस एक केस सॉल्व नहीं कर पाती है, तब तक क्षेत्र में दूसरी चोरी की घटना हो जाती है। जहां लगातार चोरी की घटनाओं से आम लोग भयभीत और आसंकित हैं वहीं पुलिस प्रशासन पस्त नजर आ रही है।

बाघमारा थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरा-गोमो मुख्य सड़क मार्ग पर बीसीसीएल क्षेत्रीय अस्पताल के समीप चोरों ने मंगलवार की देर रात भगवती अलंकार ज्वेलर्स मे सेंधमारी कर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोर दुकान की दीवार में सेंधमारी कर अंदर घुसे और दुकान के अंदर रखें लॉकर को गैस कटर से काट कर करीब 75 ग्राम सोने के साथ लगभग 6 किलो चांदी के आभूषण और 60 हजार रुपए नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी किये गए कुल गहने और नगदी की कीमत लगभग 25 लाख आंकी जा रही है।

पीड़ित दुकानदार ने बाघमारा पुलिस से किया लिखित शिकायत
बुधवार की सुबह लगभग दस बजे घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर बाघमारा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए परिक्षु आईपीएस अंकित सिन्हा , तोपचांची सर्किल इंस्पेक्टर असीम कमल टोपनो स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की नजाकत को देखते हुए खोजी कुत्ता को मंगवाया लेकिन खोजी कुत्ता भी कुछ खोज नही सका। सीआईडी क्राइम ब्रांच टीम के सुमन कुमार मामले की गहन जांच में जुट हुए है। बताया जा रहा है कि पुलिस गुप्त रूप से कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर एक साथ काम कर रही है।

पीड़ित से मिले चेम्बर ऑफ कॉमर्स व स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष
इधर घटना की सूचना मिलने पर चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मिथलेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित दुकानदार शिवलाल स्वर्णकार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और पुलिस से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी करने की मांग की। मिथलेश कुमार ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाएं चिंता का विषय हैं। अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए। वहीं घटना की सूचना मिलने पर स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष गुडू कुमार पीड़ित दुकानदार श्रीकांत कुमार वर्मा से मिलकर घटनाक्रम की जानकारी ली। स्वर्णकार संघ ने बताया कि पूरे जिले में हो रही चोरी छिनतई और सेंधमारी की घटना से व्यापारी संघ आहत है जिसको लेकर स्वर्णकार संघ आन्दोलन करेगा।

लॉकर काटकर निकाले जेवर, सीसीटीवी को भी किया छतिग्रस्त
पीड़ित दुकानदार शिवलाल स्वर्णकार ने बताया कि चोरों ने दुकान में घुसने के बाद बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने गैस कटर से लॉकर काटा और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात उड़ा लिए । पहचान छिपाने के इरादे से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की सारी फुटेज रिसेट और कैमरे का दिशा भी बदल दिया था। पुलिस का मानना है कि चोरी पूरी प्लानिंग के साथ की गई।
इस ज्वेलरी शॉप में पहले भी हो चुकी हैं चोरी
भगवती अलंकार ज्वेलर्स में चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इसी ज्वेलरी शॉप में चोरी हो चुकी है। बार-बार हो रही घटनाओं से इलाके के व्यापारियों में गहरी नाराजगी और दहशत का माहौल है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि रात में बाजार में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने के कारण चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं।
