
कतरास : राज्य सरकार के निर्देशानुसार कोल उत्पादन परियोजना प्रभावित क्षेत्र के स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने को लेकर भारतीय जनता पार्टी कतरास मंडल अध्यक्ष सूर्य देव मिश्रा ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने परियोजना से प्रभावित बेरोजगार लोगों के लिए बीसीसीएल कतरास क्षेत्र में कार्यरत आर के ट्रांसपोर्टिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के प्रबंधक को पत्र लिखकर सलानपुर कोलियरी, गजलीटांड़ कोलियरी, चेतुडीह कोलियरी आदि पैच में कंपनी में नियोजन नीति के तहत स्थानीय बेरोजगारों को ट्रांसपोर्टिंग के अतिरिक्त अन्य कार्यों में भी 75 प्रतिशत नियोजन देने की मांग की है।
श्री मिश्रा ने विश्वास जताते हुए कहा कि देशहित, उद्योगहित एवं मजदूर हित में कंपनी प्रबंधक वार्ता कर बेरोजगार स्थानीय युवकों को रोजगार उपलब्ध कराने में सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि पत्र की एक-एक प्रति धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो, महाप्रबंधक कतरास क्षेत्र, अनुमंडल पुलिस उपाधीक्षक बाघमारा, एसडीओ धनबाद, थाना प्रभारी कतरास, ओपी प्रभारी अंगार पथरा, परियोजना पदाधिकारी चैतुडीह कोलियरी, भाजपा महानगर अध्यक्ष श्रवण राय, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष महेश पासवान को भी भेजा है।
