
लोगों ने कहा घटिया निर्माण से खतरे में है बच्चों का भविष्य, डीसी से करेंगे शिकायत
कतरास: अंग्रेजों के जमाने के बने गंगा नारायण स्मारक उच्च विद्यालय अर्थात जीएनएम हाई स्कूल कतरास में नया भवन का निर्माण किया जा रहा है। भवन निर्माण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। लेकिन भवन निर्माण में कई विसंगतियां नजर आनी शुरू हो गई हैं। जिससे नव निर्मित स्कूल भवन का भविष्य खतरे में पड़ता दिख रहा है।

होल बनाने के दौरान भवन में पड़ा दरार, पिलर काटने का आरोप
ऊपरी तल्ला में शौचालय का पाइप निकालने के दौरान भवन की दीवार में बोर होल किया गया । जिसके बाद भवन की दीवार में दरार पड़ गया। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि होल करने के लिए पिलर काट दिया गया है। बाद में ठिकेदार के मजदूरों ने उसमें लीपापोती कर दिया जो कि स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
छत पर पानी निकासी की व्यवस्था नहीं, बारिश का पानी कमरे में रिस रहा है
छत पर बरसात के पानी निकासी के लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया है। जिसके कारण छत पर बरसात का पानी जमा हो गया है। यह पानी धीरे धीरे करके नवनिर्मित कमरों में रिस रहा है। बाहर की ओर खिड़की के छज्जा से भी भारी मात्रा में पानी टपक रहा है। इससे दीवारें कमजोर हो रही हैं।

इंजीनियर का देख रेख में निर्माण हो रहा है, मै कुछ नहीं जानती- प्राचार्या
भवन निर्माण क्वालिटी को लेकर जब जीएनएम हाई स्कूल की प्राचार्या रेखा जी से बात करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कहा कि इंजीनियर की देखरेख में निर्माण कार्य चल रहा है, इसमें मैं क्या करूं। जब उनसे पूछा गया कि घटिया भवन निर्माण के कारण भविष्य में कभी किसी प्रकार की घटना दुर्घटना हो जाए तो जिम्मेदार कौन होगा, इस पर उन्होंने कुछ भी कहने से मना कर दिया।

निर्माण कार्य में लापरवाही से खतरे में बच्चों का भविष्य, डीसी से करेंगे शिकायत – चितरंजन कुमार, विधायक प्रतिनिधि
बीबीएमकेयू के बाघमारा विधायक प्रतिनिधि सह छात्र नेता चितरंजन कुमार सिंह ने भवन निर्माण कार्य में लापरवाही व अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि इस प्रकार के घटिया निर्माण से नवनिर्मित भवन का भविष्य अच्छा नहीं दिखाई दे रहा है। जिस प्रकार निर्माण के महज कुछ ही दिनों के भीतर दीवारों में दरारें पड़ गई है, उससे स्पष्ट होता है कि निर्माण का क्वालिटी बहुत ही निम्न स्तर का है। कभी भी बड़ी घटना घट सकती है। घटिया निर्माण को लेकर विद्यालय के प्रिंसिपल ने भी अब तक चुप्पी साध रखी है जिससे कई तरह के सवाल खड़ा हो रहे है। उन्होंने कहा कि निर्माण से संबंधित शिलापट्ट भी नहीं लगाया है। श्री चितरंजन कुमार ने कहा कि पूरे मामले की शिकायत धनबाद उपायुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी धनबाद, तथा अन्य सम्बन्धित अधिकारियों से करूंगा। उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल इस मामले में टीम गठित कर निर्माण कार्य की जांच पड़ताल करने तथा निर्माण पूरा होने तक ठेकेदार को भुगतान नहीं करने का मांग किया है।
