

कतरास : शक्ति, पवित्रता और सौंदर्य के प्रतीक मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की पूजा के साथ राजबाड़ी कतरास में महाअष्टमी की पूजा संपन्न हो गई। सुबह से ही मां महागौरी को प्रसाद चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। झिंझिपहाड़ी, गांधी चौक, कतरास हटिया, कतरास मोड़, भगत सिंह चौक, तेलियाबांध, तिलाटांड़, ऊपर मोड़, श्यामडीह, भटमुरना, सलानपुर, केशलपुर, रामकनाली और दूर दराज से भारी संख्या में श्रद्धालुओं का जुटान हुआ। भीड़ ज्यादा होने के कारण प्रसाद चढ़ाने के लिए आपाधापी मचा रहा। 10:30 बजे पुष्पांजलि कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। वहीं 2:30 बजे संधि पूजा के साथ तिथि का महानवमी में प्रवेश संपन्न हुआ। इस अवश्य पर परम्परा के मुताबिक कोहड़ा बलि दी गई।

मंदिर के बाहर प्रसाद की दुकानों में भारी भीड़ देखी गई। इस अवसर पर राजागढ़ परिसर में मेला का भी आयोजन किया गया है। बच्चों ने मेला का भी आनंद लिया। छोटे छोटे झूलो एवं चाट आइसक्रीम के ठेलो ने मेला में चार चांद लगा दिया। श्रद्धालुओं ने राजागढ़ के पुराने मंदिर में भी भक्ति और श्रद्धा भाव से पूजा किए। श्रद्धालुओं ने मां तारा देवी की चरण पादुका की भी पूजा की। भाजपा नेता वशिष्ठ चौहान ने भी अपने समर्थकों संग मंदिर पहुंचकर माता को प्रसाद चढ़ाया और माता से आशीर्वाद लिया।


प्रशासन और सीसीटीवी कैमरे से हुई सुरक्षा की निगरानी
भारी भीड़ से राजबाड़ी रोड में दोपहर तक जाम लगा रहा। भीड़ को नियंत्रित करने एवं सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस प्रशासन की मौजूद रहे। वहीं सीसीटीवी कैमरे से भी सुरक्षा की निगरानी की गई। पूजा समिति के दर्जनों वोलेंटियर भी श्रद्धालुओं की सेवा में लगे रहे।

चारों ओर भक्ति गीत और आरती से पूरा माहौल भक्तिमय बन गया। संध्या में महाआरती एवं धुनुची नाच का आयोजन हुआ जिसे देखने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जमी रही।
