
कतरास : कोयलांचल में एक बार फिर दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार शाम करीब 5:00 बजे बाघमारा पुलिस अनुमंडल अंतर्गत सोनारडीह ओपी क्षेत्र के टंडाबारी में भू-धंसान की एक बड़ी घटना घटी। इस घटना में 3 घर जमीनदोज होने की जानकारी मिल रही है। वही इस घटना में 3 से 4 लोगों के जमीन में समाने की चर्चा भी है।
इस घटना से तुरंत अफरा तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सैकड़ो की संख्या में सोनारडीह ओपी का घेराव कर दिया तथा एनएच 32 कतरास महुदा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।


मेरी भाभी सहित तीन लोग जमीन में समा गया – रिंकी कुमारी
घटना को लेकर रिंकी देवी ने रोते हुए बताया कि 5:00 बजे शाम को अचानक जमीन डोज की घटना हुई और उसका घर जमीन में समा गया। इस जमीन दोज की घटना में उसकी बहन गीता कुमारी, भाभी सरिता देवी एवं उसके पिता मोनू उरांव जमीन में समा गए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना अवैध रूप से माइनिंग करने के कारण हुआ है। समाचार लिखे जाने तक जमीन में समाए लोगों को निकालना के लिए कोई पहल नहीं किया जा सका था। जिसको लेकर परिजनों एवं ग्रामीणों में भारी आक्रोश और उबाल देखने को मिल रहा था। पीड़ित रिंकी कुमारी का कहना था कि यदि प्रशासन मेरे परिजनों नहीं निकाल सकेगा तो वह स्वयं निकालने के लिए तैयार है।

अवैध खनन के कारण आए दिन इस तरह की घटना हो रही है जिसके लिए प्रशासन और सरकार जिम्मेदार है – विधायक शत्रुघ्न
घटना की जानकारी सुनकर मौके पर पहुंचे बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि क्षेत्र में आए दिन इस प्रकार की घटना हो रही है। न केवल सोनारडीह ओ पी बल्कि रामकनाली, तेतुलमारी, जोगता, तेतुलिया, बाघमारा सहित धनबाद के अन्य कई क्षेत्रों में जमीन दोज की घटना आए दिन घट रही है। इस घटना के लिए पूर्ण रूप से राज्य सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन के कारण इस प्रकार की घटनाएं घट रही है। उन्होंने अवैध खनन के लिए प्रशासन एवं सरकार को पूर्ण रूप से जिम्मेदार बताया। कहा कि इस संबंध में धनबाद उपायुक्त एवं सीएमडी, जीएम, डीएसपी एवं थाना प्रभारी से बात हुई है। अति शीघ्र ही मामले में राहत पहुंचाने का आग्रह किया हूं।
घटना से भयभीत लोग पलायन करते दिखे
वही इस घटना से दर्जनों की संख्या में भयभीत लोग अपने जरूरी के सामान, बकरी आदि लेकर भागते हुए दिखे। पूछे जाने पर उन लोगों ने कहा कि अगर रात को यहां रखेंगे तो कभी भी जान माल का नुकसान हो सकता है। हमारे साथ छोटे-छोटे बच्चे भी हैं। ऐसे में यहां कैसे रात गुजारे। उन्होंने कहा कि किसी मंदिर की छत के नीचे आज की रात गुजारेंगे उसके बाद देखा जाएगा। बता दे कि इस खौफनाक घटना से ग्रामीण पूरी तरह भयभीत और आक्रोशित हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि अवैध माइनिंग के कारण ही इस प्रकार की घटना घटी है। एक महीना पहले इसी क्षेत्र में गैस रिसाव भी हुआ था। उसके बावजूद भी मामले में संज्ञान नहीं लिया गया।

जमीन में समाए लोगों को निकालने के लिए पहुंची रेस्क्यू टीम, अंधेरा की वजह से कार्रवाई शुरू नहीं
जमीन में समाए लोगों को निकालने के लिए बीसीसीएल की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू शुरू नहीं हो पाया। बाघमारा डीएसपी पुरुषोत्तम कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंच कर घटना का जायजा लिए। खबर लिखे जाने तक रेस्क्यू शुरू नहीं हो पाया था। वही प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
