
कतरास : धनबाद नगर निगम क्षेत्र में पीसीसी सड़कों के निर्माण एवं पुनर्निर्माण को लेकर एक गंभीर जनसमस्या सामने आई है। सामाजिक कार्यकर्ता राजेश स्वर्णकार ने इस विषय में मेयर संजीव सिंह से मुलाकात कर आवेदन देकर नियम लागू करने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में कई स्थानों पर पुराने पीसीसी सड़क को हटाए बिना ही उसके ऊपर नई सड़क बना दी जा रही है। इस प्रक्रिया के कारण सड़कों की ऊँचाई लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे आसपास के मकान अपेक्षाकृत नीचे होते जा रहे हैं।
इसका सीधा असर आम लोगों के जीवन पर पड़ रहा है। बरसात के मौसम में सड़कों का पानी घरों में प्रवेश कर जाता है, वहीं घरों की नालियों का पानी भी सही ढंग से बाहर नहीं निकल पाता है। इससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और मकानों की संरचना पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता राजेश स्वर्णकार ने नगर निगम से मांग करते हुए कहा है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए यह नियम लागू किया जाए कि नई पीसीसी सड़क के निर्माण से पहले पुराने सड़क को पूरी तरह तोड़कर हटाया जाए। इससे सड़कों की ऊँचाई नियंत्रित रहेगी और जल निकासी की समस्या का समाधान हो सकेगा।
उन्होंने धनबाद के महापौर संजीव सिंह से इस गंभीर समस्या पर शीघ्र ध्यान देने एवं आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
