
कतरास : तेतुलमारी खास सिजुआ और जीरो सिम कॉलोनी में लगातार उत्पन्न हो रही बिजली समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। पार्षद राममूर्ति सिंह उर्फ छोटु सिंह के नेतृत्व में तेतुलमारी कोलियरी प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया और जमकर नारेबाजी हुई। बताया गया कि बिजली की अनियमित आपूर्ति से कहीं हाई वोल्टेज तो कहीं लो वोल्टेज की समस्या ने पिछले एक सप्ताह से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। इसके चलते कई घरों में टीवी, एसी, कूलर, पंखा, इंडक्शन और बल्ब जल जाने से लोग काफी परेशान हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तेतुलमारी थाना में प्रबंधन, पुलिस और पार्षद के साथ स्थानीय कॉलोनीवासियों की बैठक हुई। वार्ता के दौरान प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही एमएपी-3 नंबर, खास सिजुआ, जीरो सिम, पीएसटी, चंदौर पहाड़ी, सोनारबस्ती समेत अन्य क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाएगी।
गौरतलब है कि हाल ही में बिजली तार की चपेट में आने से एक भैंस की मौत भी हो चुकी है, जिससे लोगों में डर और नाराजगी दोनों बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
