
कतरास: गोविंदपुर क्षेत्र अंतर्गत बाबूडीह में प्रस्तावित हिलटॉप एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड की आउटसोर्सिंग परियोजना क्षेत्र में जारी अवैध कोयला खनन के खिलाफ आजसू पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। प्रखंड अध्यक्ष राकेश गयाली ने झारखंड सरकार के विभिन्न विभागों और जिला प्रशासन को पत्र भेजकर अवैध खदानों को तत्काल बंद करने तथा तस्करों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पत्र में कहा गया है कि वर्ष 2024 में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) द्वारा खरखरी कोलियरी अंतर्गत बाबूडीह में लगभग 526 हेक्टेयर भूमि पर एमडीओ मोड के तहत हिलटॉप एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड को कोयला उत्पादन का कार्य आवंटित किया गया है। यह परियोजना क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, लेकिन इसी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध खनन और कोयला तस्करी जारी है।
राकेश गयाली ने आरोप लगाया कि बाबूडीह जंगल, आमबगान, डोमागढ़ा, तेतुलिया, बंगाली कोठी और खरखरी-ब्राह्मणडीहा समेत कई स्थानों पर अवैध खदानें संचालित हो रही हैं। इन खदानों से प्रतिदिन दर्जनों ट्रकों के माध्यम से कोयले की तस्करी की जा रही है, जिससे राज्य को भारी राजस्व का नुकसान हो रहा है। साथ ही, इससे प्रस्तावित परियोजना की सुरक्षा और व्यवहार्यता पर भी खतरा उत्पन्न हो गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि अवैध खनन के कारण पूर्व में कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है। स्थानीय लोगों द्वारा विरोध करने पर कोयला माफियाओं द्वारा धमकी और मारपीट की घटनाएं भी सामने आई हैं।
आजसू पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि प्रस्तावित परियोजना क्षेत्र की तत्काल घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, सभी अवैध खदानों को बंद कराया जाए, तस्करों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए, तथा बीसीसीएल, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टास्क फोर्स बनाकर लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए।
पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो ग्रामीणों के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बीसीसीएल प्रबंधन और जिला प्रशासन की होगी।

