
कतरास : राजबाड़ी वासियों को जल्द से जल्द पानी मुहैया कराने को लेकर वार्ड पार्षद मधुमाला ने सोमवार डीआरएम धनबाद श्री अखिलेश मिश्रा, नगर आयुक्त श्री आशीष गंगवार, मेयर श्री संजीव सिंह, सहायक नगर आयुक्त श्री प्रसून कौशिक, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक (पीएचईडी) अभियंता श्री मुकेश कुमार मंडल एवं श्री जे पी सिंह एसडीओ पीएचईडी विभाग से अलग अलग मुलाकात की। मधुमाला ने सभी को राजबाड़ी कतरास में व्याप्त जल समस्या से अवगत कराया और जल्द से जल्द पाइप लाइन जोड़कर कतरास वासियों की प्यास बुझाने का आग्रह किया। डीआरएम ने मामले को गंभीरता से सुना और तत्काल पीएचईडी विभाग अधिकारी से बात की। उन्होंने पीएचईडी विभाग के अधिकारी से बात कर स्पष्ट किया कि राजबाड़ी वासियों को शीघ्र ही पानी उपलब्ध कराया जाए। पानी आम नागरिकों का अधिकार है। रेलवे से जो भी मदद मांगी जायेगी रेलवे की ओर से किया जाएगा। मधुमाला ने डीआरएम के समक्ष लिलोरी स्थान रेलवे फाटक चौड़ीकरण की मांग रखते हुए आवेदन भी दिया जिस पर डीआरएम ने शीघ्र ही सकारात्मक पहल करने की बात कही।
इस संबंध में नगर आयुक्त श्री आशीष गंगवार एवं नवनिर्वाचित मेयर संजीव सिंह ने भी तत्काल संबंधित अधिकारियों से बात की एवं शीघ्र ही पानी की समस्या को दूर करने का आदेश दिया।

पीएचईडी के एसडीओ एवं ठिकेदार ने किया राजबाड़ी फाटक का निरीक्षण, फीता से नापी कर कहा जल्द मिलेगा पानी, ग्रामीणों में हर्ष का माहौल
मामले को लेकर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग(पीएचईडी) के कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार मंडल से भी बात की गई। डॉक्टर मधुमाला ने उन्हें राजबाड़ी वासियों को हो रहे पानी की समस्या से अवगत कराया। कार्यपालक अभियंता ने तत्काल एसडीओजनार्दन प्रसाद सिंह को राजबाड़ी भेजा। एसडीओ एवं रेलवे के ठिकेदार गजेन्द्र कुमार सिंह ने स्थल का मुआयना किया एवं रेल फाटक के समीप फीता से नापी की।
ठिकेदार गजेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि पीएचईडी के निर्देश पर वे आए हैं। जानकारी मिली है कि यहां के लोग पिछले 2 वर्षों से पानी की किल्लत झेल रहे हैं। स्थल का मुआयना एवं मापी कर ली गई है। रेलवे से एग्रीमेंट कर पाइप लाइन जोड़ने का कार्य शुरू कर दिया जायेगा। 1 महीना के भीतर यहां के लोगों को पानी मिलने लगेगा और जल समस्या पूर्ण रुप से समाप्त हो जायेगा। अधिकारियों एवं ठिकेदार के निरीक्षण से राजबाड़ी के ग्रामीणों में काफी खुशी देखी गई।

इधर पानी की बहाली को लेकर पूर्व पार्षद डॉ विनोद गोस्वामी ने भी अधीक्षण अभियंता पीएचईडी विभाग अंचल धनबाद को आवेदन दिया था। जिस पर कार्रवाई करते हुए अधीक्षण अभियंता पीएचईडी विभाग अंचल धनबाद ने पीएचईडी विभाग के कार्यपालक अभियंता को पत्र जारी करते हुए शीघ्र ही जल समस्या पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। इस संबंध में पूर्व पार्षद डॉ विनोद कुमार गोस्वामी को भी प्रतिलिपि उपलब्ध कराई गई है।
