
कतरास: डीएवी हाई स्कूल कतरास में दो कमेटियों के बीच हजारों छात्रों का भविष्य फंसता नजर आ रहा है। दोनों कमेटियों(खेमका कमेटी एवं डॉ मृणाल कमेटी) के बीच उपजे विवाद के कारण स्कूल में पठन पाठन का कार्य बाधित हो रहा है। दोनों कमेटी एक दूसरे पर फर्जी होने का आरोप लगा रहे हैं। जिसके कारण सोमवार को प्रधानाचार्य कक्ष में ताला लगा रहा। ताला खुलवाने को लेकर शिक्षक शिक्षिकाएं काफी परेशान रही।

14 शिक्षकों सहित कुल 44 कर्मियों को पिछले 3-4 महीनों से मानदेय नहीं मिल रहा है। जिसके कारण आदेशपाल राधा देवी एवं मंजू देवी को घर चलाना मुश्किल हो गया है। दोनों ने बताया कि मात्र 4 हजार मानदेय मिलता है वो भी पिछले 3 महीना से नहीं मिला है। कर्ज लेकर दो वक्त की रोटी खा रहे हैं लेकिन कोई कब तक कर्ज देगा। मौजूद शिक्षिकाओं ने बताया की 3 महीने से मानदेय नहीं मिलने के कारण आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। उसके एक सहकर्मी के पति गंभीर बीमारी से पीड़ित है। जिसका इलाज रांची में चल रहा है। लेकिन ना तो स्कूल प्रबंधन की ओर से उन्हें कुछ सहायता उपलब्ध कराया जा रहा है और ना ही हम लोग उसे कुछ मदद कर पा रहे हैं।

कतरास पुलिस ने दोनों कमेटियों के सदस्यों को स्कूल कैंपस में घुसने पर लगाई रोक, कहा एसडीओ व डीईओ से करेंगे बात
विवादों के बीच सोमवार को दोनों कमेटियों के सदस्यों की बीच बैठक चल रही थी। इसी बीच कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे और दोनों कमेटियों के सदस्यों को स्कूल कैंपस से बाहर जाने का निर्देश दिया साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि अगले दिन से कोई भी कमेटी का सदस्य विद्यालय परिसर में प्रवेश नहीं करेगा ताकि पठन-पाठन का कार्य बाधित न हो। उन्होंने कहा कि वे इस संबंध में एसडीओ और डीईओ से बात कर आगे की कार्रवाई करेंगे।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही दोनों कमेटियों के बीच विवाद को नहीं सुलझाया गया तो इसका बुरा असर छात्रों की शिक्षा शिक्षकों के घर परिवार पर पड़ेगा।
