
कतरास : इन दिनों अबुआ आवास योजना में कई घोटाले और भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं। निचितपूर दो पंचायत के मुखिया फागु महतो पर रेलवे विभाग में सरकारी नौकरी कर रहे लोगों को अबुआ आवास व प्रधानमंत्री आवास दिलाने का आरोप लगा है। उक्त आरोप बरोरा थाना अंतर्गत खोनाठी ग्राम के सेवाराम महतो ने लगाया है। इस संबंध में सेवाराम महतो ने बाघमारा बीडीओ एवं डीडीसी धनबाद को लिखित शिकायत की है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि रथटांड़ टोला खोनाठी निवासी छकनी देवी, पति कैलाश महतो जिसका पुत्र उदय नारायण महतो रेलवे में कार्यरत है उसे स्थानीय मुखिया फागू महतो के द्वारा अबुआ आवास प्रदान किया गया है जो कि पूर्ण रूप से गलत और सरकारी राशि का दुरुपयोग है। पंचायत में कई जरूरतमंद और गरीब लोग हैं जिन्हें अब तक अबुआ आवास नहीं दिया गया है।
भ्रष्ट अधिकारियों से मिली भगत कर सरकारी जमीन को अतिक्रमण करने की हो रही है तैयारी
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पहले सरकारी जमीन में पीएम आवास बनवाया और अब मुखिया एवं भ्रष्ट अधिकारियों से मिलकर सरकारी जमीन को अतिक्रमण कर दूसरा घर भी बना रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुल मिलाकर सरकारी जमीन को अतिक्रमण कर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि इसमें कितनी सच्चाई है यह तो जांच पड़ताल के बाद संबंधित अधिकारी ही बता सकते हैं।
शिकायत सही पाया गया तो लाभुक से रिकवरी भी किया जायेगा- लक्ष्मण यादव
इस संबंध में बाघमारा बीडीओ लक्ष्मण यादव ने कहा कि फिलहाल उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। यदि शिकायत की गई है तो जल्द ही आवेदन प्राप्त हो जायेगा। इसके बाद जॉच पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी। यदि शिकायत सही पाया जाता है तो रिकवरी भी किया जायेगा।
एक क़िस्त भुगतान के बाद भुगतान रोक दिया गया है- फागु महतो
इस संबंध में निचितपुर दो पंचायत के मुखिया फागु महतो ने बताया की कई वर्ष पूर्व उन्हें आवास आवंटन हुआ था। सरकार के तरफ से केवल एक किस्त ही भुगतान हुई है। जब पता चला की उनके पुत्र को सरकारी नौकरी मिल गई है तब भुगतान रोक दिया गया है। अब प्रखंड कार्यालय या जिला प्रशासन से जो आदेश आएगा उसपर अमल किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि घर बनाते हुए जो फोटो सोशल मीडिया मे वायरल हुआ है वो उसका पुस्तैनी घर है जो कि मिट्टी व खपरैल का था। अभी इसे तोड़कर बनवाया जा रहा है। उक्त घर सर्वे मे गैराबाद खाता मे कैसे आ गया ये जांच पड़ताल का विषय है। इससे मेरा कोई लेन-देन नही है।
