
कतरास : डीएवी हाई स्कूल कतरासगढ़ में वेतन भुगतान को लेकर चल रहा टशन में थोड़ा राहत देखने को मिल रहा है। बता दे की शिक्षकों के द्वारा बुधवार को कक्षा स्थगित कर हड़ताल पर जाने के बाद कमेटी में हलचल मच गई। जिसको लेकर त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी शिक्षकों एवं गैर शिक्षकों का दो महीना का वेतन भुगतान करने की पेशकश की गई लेकिन लगभग 15 या उससे अधिक शिक्षकों ने नगद वेतन लेने से इनकार कर दिया। वहीं आधे से अधिक शिक्षकों एवं गैर शिक्षकों ने दो महीना का वेतन स्वीकार कर लिया। हालांकि कमेटी के द्वारा प्रेस वार्ता कर पहले ही बताया गया था कि 1 सप्ताह के भीतर शिक्षकों का वेतन भुगतान किया जाएगा।
इन शिक्षकों ने वेतन लेने से किया इंकार, कहा बैंक द्वारा किया जाए भुगतान, प्रधानाध्यापक का निलंबन भी वापस लिया जाए
निलंबित प्रभारी प्रधानाध्यापक अरविन्द कुमार झा, विद्या तिवारी, सीमा सिंह, सुनीता कुमारी, शिशिर पाठक, सुषमा कुमारी रजक, राहुल दास, राजेश कुमार रवि, आजाद प्रसाद सिंह, किरण पांडेय, सरिता पांडेय, पल्लवी कुमारी सहित कुछ अन्य शिक्षकों एवं गैर शिक्षकों ने नगद वेतन लेने से स्पष्ट मना कर दिया। इन लोगों का कहना है कि वेतन भुगतान बैंक के माध्यम से ही किया जाए एवं निलंबित प्रभारी प्रधानाध्यापक एके झा का निलंबन वापस लिया जाए तथा प्रधानाध्यापक कार्यालय में लगा ताला खोला जाए। साथ ही शिक्षकों ने स्पष्ट किया कि 10 दिनों के अंदर कमेटी हमारी मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए कार्रवाई करें अन्यथा आगे आंदोलन का रास्ता अख्तियार किया जायेगा।
इधर बियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार झा ने दो महीने का बकाया वेतन भुगतान हो जाने को लेकर खुशी जताते हुए कमेटी का आभार जताया। हालांकि उन्होंने भी निलंबन की कार्रवाई को वापस लेने की मांग की तथा कहा कि प्राचार्य को सम्मान पूर्वक अपने पद पर बैठने दिया जाना चाहिए। ताकि विद्यालय में पठन-पाठन का कार्य पूर्व की भांति सुचारू रूप से संचालित हो सके।
