
कतरास: गुजराती हिंदी मध्य विद्यालय कतरास की शिक्षिका भावना ने 17 महीनों से मानदेय नही मिलने के कारण 20 अप्रैल से भूख हड़ताल करने की घोषणा की है। वही इस हड़ताल को आरटीआई कार्यकर्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता जगत महतो ने समर्थन दे दिया है। जिससे शिक्षिका के आंदोलन को बल मिलने की उम्मीद है। जगत महतो ने कहा कि प्रबंधन समिति के द्वारा शिक्षिका को 17 महीनों से वेतन नही दिया जाना कहीं से भी उचित नहीं है। मामले की निष्पक्षता से जाँच पड़ताल और दोषी पर कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं बकाया वेतन से जुड़े मामले को बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो और बाघमारा सीओ गिरजानंद किस्कू ने भी गंभीरता से लिया है। विधायक शत्रुघ्न ने उपायुक्त को पत्र प्रेषित कर शिक्षिका की बकाया वेतन का भुगतान बैंक के माध्यम से सुनिश्चित करने के लिए संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश देने की मांग की है। पत्र में विधायक ने कहा है कि शिक्षिका ने उक्त मांग को लेकर 20 अप्रैल से अनिश्चितकालीन भूख हडताल की घोषणा की है। यह विषय अति गंभीर और चिंतनीय है। भूख हड़ताल की निर्धारित तिथि से पूर्व इनका बकाया भुगतान किया जाए।
बकाया वेतन मामले में सीओ ने प्रबंधन समिति से मांगा प्रतिवेदन
शिक्षिका भावना चौहान द्वारा भूख हड़ताल पर बैठने की घोषणा के बाद बाघमारा अंचल के सीओ गिरजानंद किस्कू ने गुजराती हिंदी मध्य विद्यालय कतरासगढ़ के प्रबंध समिति के सचिव को पत्र भेजा है। पत्र में सचिव से वांछित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा है। पत्र में कहा है कि भावना वर्ष 2002 से 2540 रुपए मासिक वेतन पर शिक्षिका के रूप में विद्यालय में कार्यरत हैं। विगत कई माह से विद्यालय समिति द्वारा वेतन भुगतान नहीं किया जा रहा है।
