
धनबाद : धनबाद में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस ने नई पहल शुरू की है। सोमवार को एसएसपी प्रभात कुमार ने पुलिस केंद्र धनबाद में तीन दिवसीय ड्रोन प्रशिक्षण वर्कशॉप का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस.एम. याकूब, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम और डीएसपी ट्रैफिक अरविंद कुमार सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
वर्कशॉप के दौरान पुलिसकर्मियों को ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जो दो चरणों—थ्योरी और प्रैक्टिकल—में पूरा होगा। एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य आपात स्थितियों में त्वरित और सटीक जानकारी हासिल कर आम जनता की सुरक्षा को और बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि ड्रोन तकनीक का उपयोग भीड़भाड़ वाले इलाकों की निगरानी, ऊंची इमारतों पर नजर रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किया जाएगा। इससे कम समय में अधिक जानकारी जुटाने में मदद मिलेगी और पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी।
एसएसपी ने बताया कि वर्कशॉप के बाद फिलहाल दो ड्रोन खरीदे जाएंगे और भविष्य में ड्रोन के जरिए पेट्रोलिंग भी शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से अपराध नियंत्रण में पहले से सुधार हुआ है और आगे भी सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा।
