
कतरास : कतरास थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस की गश्ती और सुरक्षा दावों को धता बताते हुए अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती दी है। ताजा मामला भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) की एक महिला कर्मी के साथ दिनदहाड़े हुई लूट का है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, ईस्ट कतरास निवासी BCCL कर्मी कलवा कामिन ने कतरास स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा से 39,000 रुपए की निकासी की थी। इसके बाद वह अपने काम पर ओरिजिनल स्टोर कतरास चैतूडीह की ओर जाने लगी। तभी छाताबाद पुल से मलकेरा जाने वाले रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे दो बाइक सवार अपराधियों ने उस पर हमला बोल दिया और झपट्टा मारकर रुपयों से भरा झोला छीनकर पलक झपकते ही रफूचक्कर हो गए।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
बताया जा रहा है कि लूट की यह पूरी वारदात वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में अपराधी घटना को अंजाम देकर भागते हुए साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। दिनदहाड़े हुए इस प्रकार की घटना से स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि अब बैंक जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी लोग सुरक्षित नहीं है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्ती बढ़ाने और अपराधियों पर नकेल कसने की मांग की है।
