
क्षेत्र में चल रहे अवैध कोयला कारोबार के लिए स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन है जिम्मेदार- ग्रामीण
कतरास: इन दिनों बाघमारा पुलिस अनुमंडल अंतर्गत सैकड़ो अवैध माइंस एवं सैकड़ो अवैध कोयला डिपो खुलेआम संचालित हो रहे हैं। लेकिन हैरानी की बात यह है कि स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन इस अवैध कारोबार से पूरी तरह बेखबर है। इस अवैध खनन और अवैध डिपो के कारण आए दिन कहीं भू धंसान तो कहीं भू अग्नि के मामले देखने सुनने को मिल रही हैं। वहीं अवैध कोयला डिपो में आने जाने वाली कोयला लोड अवैध गाड़ियों के कारण भी कई दुर्घटनाएं हो रही है। ताजा मामला राजगंज थाना क्षेत्र का है, जहां एक अवैध कोयला डिपो में कोयला ढोने का कार्य कर रही मिनी हाईवा के चपेट में आने से एक बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि बीती रात दयाबांस पहाड़ निवासी दुलाल कुम्हार राजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत डोमनपुर में संचालित एक अवैध कोयला डिपो के बाहर मिनी हाइवा के चपेट में आ गया जिससे न केवल उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई बल्कि उसका शव भी क्षत विक्षत हो गया। बाद में शव का पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया गया।

परिजनों ने कोयला तस्करों पर शव छिपाने का प्रयास करने के गंभीर आरोप लगाए
इस घटना से मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। क्षेत्र में मातम का माहौल है। परिजनों एवं ग्रामीणों में दुख के साथ-साथ प्रशासन के खिलाफ गुस्सा और आक्रोश है। न्याय की उम्मीद लिए परिजन और ग्रामीण अवैध कोयला डिपो के बाहर बैठे हुए हैं। परिजनों ने बताया कि शनिवार की रात दुलाल पार्टी में जाने को बोलकर घर से निकला था लेकिन पार्टी से लौटने के दौरान ही यह घटना घटी। परिजनों ने कोयला तस्करों पर मृतक का शव को छिपाने का प्रयास करने के भी गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीण एवं परिजनों ने क्षत विक्षत शव का कुछ हिस्सा अवैध डीपों के बाउंड्री वॉल के किनारे पड़े होने का भी दावा किया जिसके अनुसार शव को इस पार से उस पार करने का प्रयास किया जा रहा था ताकि किसी को इस कोयला तस्करों की इस घिनौनी हरकत और घटना का पता ना चले।

डिपो के अंदर पड़ा था कोयला का अकूत भंडार, प्रशासन बेखबर
मृतक दुलाल की पत्नी रो रोकर बार बार बेहोश हो जा रही थी बगल में ही उसके दो बच्चे भी थे जिसे कुछ भी समझ नहीं आ रहा था कि क्या हुआ है। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि और भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे जो बार बार न्याय की मांग कर रहे थे। डिपो के अंदर कोयला का अकूत भंडार पड़ा था। बताया जाता है कि उक्त डिपो का संचालन कोई माथा नामक कोयला तस्कर के द्वारा किया जा रहा है जिसका प्रशासन के कुछ भ्रष्ट अधिकारियों से साठ गांठ है। हर रोज दर्जनों ट्रक अवैध कोयला इस डिपो से तस्करी की जाती है। सोनारडीह, बरोरा और बाघमारा से मिनी हाईवा के जरिए इस डिपो में अवैध कोयला का भंडारण किया जाता है।

ग्रामीणों ने अवैध कोयला कारोबार के लिए प्रशासन को ठहराया जिम्मेदार
स्थानीय ग्रामीणों ने आक्रोशित होते हुए बताया कि राजगंज थाना क्षेत्र सहित पूरे बाघमारा में धड़ल्ले से अवैध कोयला का कारोबार किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं होने के कारण अवैध कोयला कारोबारी और कोयला तस्करों का मनोबल बढ़ गया है। अवैध कोयला लोड गाड़ियां सड़कों पर यमराज बनकर दौड़ती है। घटना होने के बावजूद भी ना तो किसी अवैध कोयला कारोबारी या कोयला तस्कर पर कार्रवाई होती है ना ही सिंडिकेट पर। स्थानीय लोगों ने राजगंज थाना क्षेत्र के डोमनपुर में चल रहे उक्त अवैध कोयला डिपो को बंद करने की मांग करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का मांग किया तथा चेतावनी दिया कि यदि अवैध कोयला डिपो बंद नहीं हुआ तो शीघ्र ही आंदोलन किया जाएगा।
