
कतरास : केंदुआडीह थाना क्षेत्र के समीप भू-धंसान के कारण बंद पड़े धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग को जल्द चालू कराने की मांग को लेकर अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने धनबाद उपायुक्त को पत्र लिखकर सड़क मार्ग को अविलंब चालू कराने की मांग की है। रत्नेश कुमार ने कहा कि बंद पड़े धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग सड़क के कारण आम जनता को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिदिन हजारों लोग इस मार्ग से आवागमन करते हैं, लेकिन सड़क बंद रहने के कारण लोगों को काफी दूरी तय करनी पड़ रही है ।
रत्नेश कुमार ने कहा कि बीसीसीएल की लापरवाही के कारण धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग लंबे समय से बंद पड़ा हुआ है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज कर रहे हैं, जिसके कारण हालात लगातार गंभीर होते जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान प्रभावित क्षेत्र में गैस रिसाव की समस्या और बढ़ जाती है। भू-धंसान वाले इलाके से निकलने वाली जहरीली गैस हवा के साथ आसपास के क्षेत्रों में फैल रही है, जिससे केंदुआडीह क्षेत्र के लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
रत्नेश कुमार ने बीसीसीएल एवं डीजीएमएस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि दोनों विभागों की लापरवाही के कारण अब तक सड़क चालू नहीं हो सकी है। उन्होंने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा बंद पड़े सड़क मार्ग को जल्द चालू कराने की मांग की, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
