
कतरास: धनबाद में हल्की बारिश ने ही सिस्टम की पोल खोल दी है। ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र के बड़की बोआ रेलवे अंडरपास में जलजमाव ने विकराल रूप ले लिया है। हालात ऐसे हैं कि अंडरपास अब सड़क नहीं, बल्कि “स्विमिंग पूल” में तब्दील हो चुका है। कुछ लोग इसमे स्विमिंग पूल की तरह मस्ती करते नजर आए।
थोड़ी सी बारिश के बाद ही बड़की बोआ रेलवे अंडरपास पूरी तरह पानी में डूब गया, जिससे ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। एक छोर से दूसरे छोर तक जाना लोगों के लिए मुश्किल भरा हो गया है। अंडरपास से गुजरने के दौरान कई बाइक बीच रास्ते में ही बंद हो जा रही हैं। जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति इतनी गंभीर है कि बच्चे भी इसी पानी में तैरते नजर आ रहे हैं। जबकि स्कूली छात्र-छात्राएं पानी भरे रास्ते को पार नहीं कर पाने के कारण पढ़ाई से वंचित हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अंडरपास में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में यही हाल हो जाता है। समस्या के समाधान को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। कुछ दिन पहले ही ग्रामीणों ने इस मुद्दे को लेकर धरना प्रदर्शन किया था और डीआरएम का पुतला दहन भी किया था। बावजूद इसके समस्या का समाधान नहीं हुआ।

इसी कड़ी में आज एक बार फिर बड़ी संख्या में ग्रामीण अंडरपास पर जुटे और जोरदार प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही रेलवे के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित ग्रामीण किसी उच्च अधिकारी के आने और ठोस समाधान के आश्वासन के बिना मानने को तैयार नहीं हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन और रेलवे विभाग इस गंभीर समस्या का कब तक समाधान कर पाते हैं, ताकि लोगों को इस “जलजमाव के संकट” से राहत मिल सके।
