
कतरास : अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने झारखंड सरकार के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर धनबाद सांसद ढुल्लू महतो से जुड़े कई गंभीर मामलों की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सांसद ढुल्लू महतो गरीब एवं कमजोर वर्ग के लोगों के साथ अन्याय, जमीन कब्जाने तथा पद की आड़ में आय से अधिक संपत्ति अर्जित कर बैठे हैं।

सांसद आवास के सामने चिटाही में चल रहा है बड़े पैमाने पर अवैध कोयला कारोबार-रत्नेश कुमार
उन्होंने कहा कि सांसद महोदय के आवास के समीप चिटाही क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध कोयला कारोबार एवं अवैध खनन की चर्चाएं लगातार सामने आ रही हैं। उसके बावजूद भी कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है, इसकी भी जांच आवश्यक है। आखिर सांसद महोदय के घर के पास ही अवैध कोयला कारोबार चल रहा है, महिलाएं विरोध प्रदर्शन कर रही है, फिर भी सांसद ढुलू महतो इस मामले में कुछ क्यों नही बोल रहे है। सांसद ढुलू महतो को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि उक्त अवैध कारोबार किन लोगों के संरक्षण में चल रहा है।
रत्नेश कुमार ने झारखंड सरकार से अनुरोध करते हुए कहा है कि सांसद ढुल्लू महतो से जुड़े आय से अधिक संपत्ति, लंबित मामलों, अवैध कोयला कारोबार एवं बांसजोड़ा गोलीकांड सहित सभी गंभीर आरोपों की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराने की कृपा करें, ताकि आम जनता का कानून एवं प्रशासन पर विश्वास बना रहे।
