
कतरास: लगातार बिजली संकट से परेशान भटमुरना सहित आसपास के इलाकों के लोगों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। रघुनाथ हजारी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने न्यू आकाशकिनारी कोलियरी चेकपोस्ट के समीप सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया और धरने पर बैठकर प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण क्षेत्र में करीब तीन घंटे तक कोयला वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप रहा।
प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और सीआईएसएफ के जवानों की तैनाती की गई। आंदोलनकारियों ने बताया कि छाताबाद भू-धंसान से पहले भी क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति नहीं हो रही थी, जबकि पिछले दो दिनों से बिजली पूरी तरह बंद है। इससे आकाशकिनारी, जरलाही बस्ती, तिलाटांड़ कॉलोनी, लाल धौड़ा और आकाशकिनारी चार नंबर क्षेत्र की करीब सात हजार आबादी उमस भरी गर्मी में भारी परेशानी झेल रही है।
सूचना मिलने पर गोविंदपुर क्षेत्र के एजीएम बी.के. सिंह तथा कोलियरी प्रबंधक अमित कुमार मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से वार्ता की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि छाताबाद में दो दिन और भराई कार्य पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी तथा तीन दिनों के भीतर 750 केवी का ट्रांसफार्मर भी स्थापित कराया जाएगा।
प्रबंधन के आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया। इस आंदोलन में वार्ड संख्या-1 की पार्षद डॉ. मधुमाला, रघुनाथ हजारी, शक्तिनंद भुइयां, अजय सिंह, सावन भुइयां, किशोर भुइयां, जय बाउरी, सीता देवी, सपना देवी, पूजा देवी, निरंजन भुइयां, दिलीप मास्टर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।
